उम्र महज 23 साल। 700 से ज्यादा लड़कियों से दोस्ती और फिर धोखेबाजी का खेल। दिल्ली पुलिस ने साइबर क्राइम के एक ऐसे आरोपी को धर दबोचा है, जिसने कई लड़कियों को ठगा है, उन्हें ब्लैकमेल किया है और पैसे वसूले हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने एक वर्चुअल सिम हासिल किया था। उसी सिम के सहारे उसने बंबल, स्नैपचैट और कई दूसर ऐप पर फेक प्रोफाइल बनाई थी। वह खुद को फ्रीलांस मॉडल बताता था और लोगों से ठगी करता था।
बातों में फंसाकर मांगता था प्राइवेट तस्वीरें
पुलिस ने आरोपी का कच्चा-चिट्ठा खोला है। वह लड़कियों से दोस्ती करता था, उन्हें अपनी बातों में फंसाता था और इंटिमेट तस्वीरें मांगता था। जब लड़कियां इसकी जाल में फंस जाती थीं, अपनी तस्वीरें भेज देती थीं तो यह ब्लैकमेल करने लगता था।
18 से 30 साल की लड़कियों को बनाता था शिकार
पश्चिमी दिल्ली के साइबर पुलिस स्टेशन में एक टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके निशाने पर 18 से 30 साल की लड़कियां होती हैं। वह अपनी हाईप्रोफाइल तस्वीरें खिंचवाता, फोटो भेजता और लड़कियों को अपनी जाल में फंसाता था।
डीसीपी पश्चिम विचित्र वीर ने बताया है कि आरोपी लड़कियों को फंसाने से पहले वह उनसे दोस्ती करता था, प्राइवेट जानकारियां मांगता था। उसे पास से एक फोन, ऐप बेस्ड इंटरनेशनल मोबाइल नंबर और 13 क्रेडिट कार्ड बरामद किया है।
कैसे पकड़ा गया आरोपी?
डीसीपी वेस्ट विचित्र वीर ने कहा कि उन्हें 13 दिसंबर को एक शिकायत मिली। एक लड़की को इसी शख्स ने ठगा था। सोशल मीडिया के जरिए उसकी दोस्ती आरोपी से हुई थी। उसने कुछ प्राइवेट तस्वीर और वीडियो शख्स को भेज दिया था।
आरोपी पीड़िता से पैसे मांगने लगा था। पहले पीड़िता ने अपने परिवार से इस बारे में बात की फिर पुलिस में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि शख्स कहां है।
महिला पुलिस कर रही है छानबीन
डीसीपी वेस्ट ने बताया कि वह सैकड़ों लड़कियों को धोखा दे चुका है। वह कई महिलाओं से बात करता है। उनकी गोपनीय तस्वीरें इसके पास है। यह मामला बेहद संवेदनशील है, इसलिए महिला पुलिस इस मामले को डील कर रही है। शिकायतकर्ताओं से पुलिस संपर्क कर रही है।