'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद से ही भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। बेहद संवेदनशील वक्त में कई फर्जी और निराधार खबरें सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही हैं। पाकिस्तान भी कई फेक न्यूज फैला रहा है। यहां तक कि वहां की सरकार और सेना भी भ्रामक दावे करने में जुटी है। ऐसे में हर किसी को सजग रहने की जरूरत है। किसी भी खबर पर यकीन करने से पहले आधिकारिक सोर्स की जांच जरूर करें। सिर्फ सेना और सरकार से मिली जानकारी पर ही विश्वासस करें। अब रक्षा मंत्रालय ने अपना व्हाट्सएप चैनल बनाया है। इसमें मंत्रालय प्रामाणिक जानकारी साझा करता है। एक्स पर रक्षा मंत्रालय ने लिखा कि इस संवेदनशील समय में व्हाट्सएप पर बहुत सी गलत सूचनाएं और फर्जी खबरें फैलाई जा रही हैं। सावधान रहें और रक्षा मंत्रालय से जुड़ी सभी प्रामाणिक जानकारी के लिए हमारे व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करें।

 

 

रक्षा मंत्रालय ने पीआईबी की एक पोस्ट साझा की। इसमें लिखा है कि आपके सोशल मीडिया फीड पर फर्जी वीडियो की बाढ़ का आना आकस्मिक नहीं है। यह पाकिस्तान का प्रोपेगेंडा नेटवर्क है, जो आपको गुमराह कर रहा है। आगे कहा कि असत्यापित या भ्रामक कंटेंट को फॉरवर्ड करना फायदे से अधिक नुकसान पहुंचा सकता है। 

 

पहलगाम हमले के बाद से तनाव

22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकियों ने 26 लोगों की निर्मम हत्या की थी। इसके बाद भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान में स्थित आतंकी ठिकानों पर कई मिसाइलें दागीं। बाद में पाकिस्तान की सेना ने भारत के कई शहरों को निशाना बनाते हुए मिसाइलों और ड्रोन से हमला करने की कोशिश की। मगर भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने इन मिसाइलों को तबाह कर दिया। मगर इस बीच पाकिस्तानी सोशल मीडिया पर भारतीय सेना से जुड़ी फर्जी खबरें वायरल करने लगे। जाने- अनजाने में लोग इसका शिकार न बने, इसलिए पीआईबी समेत रक्षा मंत्रालय फर्जी खबरों की सत्यता अपने व्हाट्सएप चैनल पर बता रहे हैं।