दिल्ली के परिवहन मंत्री, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के बेहद करीबी नेता कैलाश गहलोत ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे की वजह दिल्ली के लोगों से किए गए वादों को पूरा ना करना बताया है। इसको लेकर कैलाश गहलोत ने पार्टी संयोजक केजरीवाल को पत्र भी लिखा है। गहलोत के इस्तीफे से एक बार फिर दिल्ली में आम आदमी पार्टी की राजनीति हिचकोले खाने लगी है। 

 

कैलाश गहलोत ने अपने इस्तीफे में यमुना की सफाई और केजरीवाल के बंगला निर्माण का मुद्दा भी उठाया है। गहलोत ने कहा कि यमुना की सफाई का वादा हमने पिछले चुनाव में किया था लेकिन हम यमुना की सफाई नहीं कर पाए। गहलोत ने पत्र में जिस तरह के मुद्दे उठाए हैं उससे संकेत मिल रहे हैं कि वह बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।

 

हालांकि, पहले से चर्चा है कि वह काफी समय से बीजेपी के संपर्क में थे। 

क्या बोले दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष?

 

हालांकि, एक समाचार चैनल से बात करते हुए दिल्ली के बीजेपी अध्यक्ष विरेंद्र सचदेवा ने कैलाश गहलोत के बीजेपी में शामिल होने की अटकलों पर कुछ भी साफ-साफ कहने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि अभी तो गहलोत ने दिल्ली सरकार के मंत्री पद से इस्तीफा दिया है। गहलोत की तरफ से ऐसा कोई प्रस्ताव बीजेपी के पास नहीं आया है।

 

पत्र में क्या है?

 

पूर्व आप नेता ने केजरीवाल को दिल्ली सरकार में मंत्री बनाने के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने पत्र में कहा, 'मैं आपके साथ यह भी शेयर करना चाहता हूं कि आज पार्टी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है, उन्हीं मूल्यों की चुनौतियां हैं जो हमें एक साथ लेकर आए हैं। राजनीतिक महत्वाकांक्षी लोगों के प्रति प्रतिबद्धता से आगे निकल गए हैं और जनता से किए कई वादे अधूरे रह गए हैं। जिस यमुना को हमने स्वच्छ नदी बनाने का वादा किया था, लेकिन कभी ऐसा नहीं कर पाए, अब यमुना नदी पहले से भी अधिक दूषित हो गई है।'

 

पूर्व मंत्री ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास को 'शीशमहल' करार देते हुए कई आरोप भी लगाए हैं।

 

राजनीतिक एजेंडे के लिए लड़ रहे 

गहलोत ने आम आदमी पार्टी पर आगे आरोप लगाते हुए कहा कि एक और दर्दनाक बात यह है कि लोगों के अधिकारों के लिए लड़ने के बजाय हम केवल अपने राजनीतिक एजेंडे के लिए लड़ रहे हैं, इससे दिल्ली के लोगों को बुनियादी सेवाएं देने में भी परेशानी खड़ी हो रही है। मैंने अपनी राजनीतिक यात्रा दिल्ली के लोगों की सेवा करने की प्रतिबद्धता के साथ शुरू की थी और मैं ऐसा करना जारी रखना चाहता हूं।

 

जाट परिवार से आते हैं गहलोत

कैलाश गहलोत का जन्म राजधानी दिल्ली में 11 मार्च 1974 को हुआ था। गहलोत दिल्ली के गहलोत गोत्र के एक जाट परिवार में जन्में थे। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से बैचलर ऑफ आर्ट्स, बैचलर ऑफ लॉ, मास्टर ऑफ लॉ की डिग्री प्राप्त की है। वह वर्तमान में नजफगढ़ विधानसभा से विधायक हैं। उन्होंने बीजेपी के अजित सिंह खरखरी को हरा कर जीत हासिल की थी।