दिल्ली हो या हिमाचल प्रदेश, कश्मीर हो या उत्तर प्रदेश, भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्ली में लगातार कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्ली में भी दिन में तेज हवाएं चल रही हैं, सुबह शीतलहर की स्थिति देखने को मिल रही है। नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम जैसे शहरों में भी यही हाल है।

उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और बिहार में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सुबह-सुबह शीतलहर की स्थिति है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिन और ठंड जारी रह सकती है। गांव से लेकर शहरों तक लोग ठंड से बचने के लिए अलाव जला रहे हैं। आइए जानते हैं देश के बाकी हिस्सों में मौसम का हाल क्या है।

दिल्ली में कैसा रहा मौसम?
दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम रहा, वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य सीमा के भीतर रहा। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम है। पालम मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। 

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में घना कोहरा छाया रहेगा। कुछ जगहों पर हल्की धुंध बनी रहेगी। तेज हवाएं चलेंगे, जिनकी रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की होगी। 

राजस्थान के मौसम का हाल क्या है?
राजस्थान में ठंड से लोग बेहाल हैं। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को जयपुर में सुबह 8.30 बजे 7.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि बीकानेर और चूरू में क्रमश: 7 डिग्री सेल्सियस और 6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

यूपी में कैसा रहा मौसम?
उत्तर प्रदेश में भी ठंड का मौसम रहा। अयोध्या में घना कोहरा छाया रहा। कड़ाके की ठंड पड़ी। मेरठ में 9 डिग्री तक पारा पहुंच गया। लखनऊ में 10 डिग्री तक तापमान पहुंचा। 

यूपी के कई शहरों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। (तस्वीर-PTI)

हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?
हिमाचल प्रदेश में 2 जनवरी से फिर बर्फबारी और बारिश हो सकती है। मैदानी इलाके शुष्क रहेंगे लेकिन जमकर गलन हो सकती है। मौसम विभाग ने 4 से 7 जनवरी के बीच राज्य में बर्फबारी की भविष्यवाणी की है। 5 और 6 जनवरी को भारी बारिश की संभावना है। 

जम्मू और कश्मीर का हाल क्या है?
कश्मीर में ठंड की स्थिति और भी गंभीर हो गई है। घाटी में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों के कारण फिर से बर्फबारी की संभावना बन रही है। गुरुवार सुबह छिटपुट इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। ठंड बढ़ने की वजह से कश्मीर के ज्यादातर हिस्सों में रात में ज्यादा ठंड पड़ रही है। गुलमर्ग में बुधवार को तापमान -8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अभी ऐसी ही ठंड जारी रहेगी।