गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफेंटा गुफा तक यात्रियों को ले जा रही एक नाव बुधवार को मुंबई के पास एलिफेंटा द्वीप के पास पलट गई।  महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मीडिया को बताया कि इस घटना में 13 लोगों की मौत हो गई है और 101 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है।

 

यह घटना तब घटी जब कथित रूप से नेवी की एक नाव इससे टकरा गई। हालांकि, नेवी का इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। 

 

हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड के सीईओ माणिक गुरसल ने बताया कि बचाए गए 56 लोगों को नवी मुंबई, 10 को मुंबई डॉकयार्ड और नौ को गेटवे ऑफ इंडिया ले जाया गया। उन्होंने कहा कि पांच लोग लापता हैं और उन्हें उनकी खोज जारी है।

 

यह द्वीप मुंबई से दूर है और यहां प्रसिद्ध घारपुरी गुफाएं हैं, जो एक पर्यटन स्थल है।

नौसेना और तटरक्षक बल खोज में जुटे

तटरक्षक बल के महानिरीक्षक भीष्म शर्मा ने कहा, 'तटरक्षक बल और नौसेना खोज अभियान में शामिल हो गए हैं। हमारे जहाज़ क्षेत्र में हैं और हम जीवित बचे लोगों की तलाश कर रहे हैं। तटरक्षक बल को मुंबई बंदरगाह प्राधिकरण के हार्बर मास्टर ने सतर्क किया था। यह घटना शाम करीब 4 बजे हुई।'

 

वहीं भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने कहा, 'तटरक्षक बल और समुद्री पुलिस के साथ समन्वय में नौसेना द्वारा बचाव अभियान शुरू किया गया। 11 नौसेना की नावें, समुद्री पुलिस की तीन नावें और तटरक्षक बल की एक नाव क्षेत्र में हैं। इसके अलावा, चार हेलीकॉप्टर खोज और बचाव कार्य कर रहे हैं।' 

 

सीएम बोले- ज्यादातर लोगों को रेस्क्यू कर लिया

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पर कहा, 'हमें नीलकमल नामक नाव के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली है, जो एलीफेंटा की ओर जा रही थी। नौसेना, तटरक्षक, बंदरगाह और पुलिस टीमों की नावें तुरंत सहायता के लिए भेज दी गई हैं।'

 

मुख्यमंत्री ने कहा, 'हम जिला और पुलिस प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं और सौभाग्य से अधिकांश नागरिकों को बचा लिया गया है। हालांकि, बचाव अभियान अभी भी जारी है। बचाव अभियान के लिए सभी आवश्यक मशीनरी तैनात करने के लिए जिला प्रशासन को आदेश दिए गए हैं।'