देश की राजधानी दिल्ली में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां मामूली बहस में तीन फूड डिलीवरी एजेंटों ने 36 वर्षीय व्यापारी की हेलमेट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 110 (गैर इरादतन हत्या) और धारा 3(5) (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। अभी तक दो आरोपियों को पकड़ा गया है। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक वारदात को राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के करीब ई ब्लॉक में अंजाम दिया गया। मृतक व्यापारी की पहचान शिवम गुप्ता के तौर पर हुई है। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। घटना के बाद से ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। शिवम का परिवार लक्ष्मीनगर में रहता है। उनके पिता की पहाड़गंज इलाके में दो दुकानें हैं।
यह भी पढ़ें: 'तीन तलाक दिया, घर से निकाला', मुनव्वर राना की बेटी का पति पर गंभीर आरोप
पानी मांगने पर हुई थी बहस
घटना करीब एक महीने पहले 2 जनवरी की है। शिवम अपने दोस्त के साथ पार्टी में शामिल होने कनॉट प्लेस गया था। यहां एक रेस्टोरेंट से बाहर निकलने के बाद राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के करीब उसने एक पूड डिलीवरी एजेंट से पानी मांगा। इसी दौरान किसी बात पर दोनों के बीच बहस हो गई। फूड डिलीवरी एजेंट और उसके दो साथियों ने हेलमेट और लात-घूसों से शिवम की बेरहमी से पिटाई की और अधमरी हालत में सड़क पर ही छोड़कर भाग निकले।
घंटों बाद पुलिस को मिली सूचना
3 जनवरी की रात करीब डेढ़ बजे किसी ने पुलिस को बताया कि कोई शख्स खून से लथपथ सड़क पर पड़ा है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शिवम को लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल पहुंचाया। शिवम के पिता अनिल कांत गुप्ता का कहना है कि मुझे फोन पर जानकारी मिली कि बेटा अस्पताल में भर्ती है।
शिवम के दोस्त ने घरवालों को नहीं दी जानकारी
उन्होंने आगे बताया कि अस्पताल पहुंचने पर बेटे की हालत नाजुक मिली। उसे खून की उल्टियां हो रही थीं। 4 जनवरी को बेटे को राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। यहां 5 जनवरी को उसकी सर्जरी हुई। ऑपरेशन के बाद उसमें सुधार दिखा, लेकिन 19 जनवरी को उसका निधन हो गया।
यह भी पढ़ें: ‘पुलिस गोली न मारे तो क्या गोली खाए’, हाई कोर्ट के बयान के बाद बोले CM योगी
अनिल कांत गुप्ता ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में डिलीवरी एजेंट हेलमेट से बेटे को पीटते दिख रहे हैं। बेटा जमीन पर बेहोश पड़ा है। उसका दोस्त भी पास में ही खड़ा है, लेकिन उसने हमें घटना की जानकारी क्यों नहीं, यह पता नहीं है।
