उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के नोएडा में सोमवार को हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद स्थिति सामान्य कराने की कोशिश जारी है। इस बीच मंगलवार को फिर से कुछ इलाकों में पुलिस पर पथराव की खबरें सामने आई हैं। इससे पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने न्यूनतम वेतन बढ़ाने का एलान भी किया लेकिन मंगलावर को भी कई कंपनियों के सामने मजदूरों और कामगारों का प्रदर्शन जारी रहा। अब बताया जा रहा है कि इस प्रदर्शन में वे महिलाएं भी उतर आई हैं जो हाई राइज सोसायटी में झाड़ू-पोछा, बर्तन धोने और खाना बनाने का काम करती हैं।

 

रिपोर्ट के मुताबिक, नोएडा फेज 2 में मंगलवार को भी प्रदर्शन जारी है। इकट्ठा हुए प्रदर्शनकारियों के सामने भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद थे फिर भी एक बार पथराव की घटना हुई। इसके अलावा, नोएडा सेक्टर 121, नोएडा सेक्टर 70 और नोएडा सेक्टर 80 में भी पथराव की घटना सामने आई है। इस पूरे मामले की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी भी बनाई गई है। प्रशासन का कहना है कि मामले को शांत कराने के प्रयास जारी हैं।

 

यह भी पढ़ें: नोएडा के मजदूरों से पाकिस्तानियों ने करवाया प्रदर्शन? UP के मंत्री का गंभीर आरोप

पुलिस की गाड़ी पर हुआ पथराव

नोएडा सेक्टर 121 में स्थित सोसायटी क्लियो काउंटी के बाहर भी पथराव की घटना हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस इलाके में भी पुलिस की गाड़ी को निशाना बनाकर पत्थरबाजी की गई। इस घटना के चलते स्थानीय लोगों में रोष है। बता दें कि पत्थरबाजी के चलते स्कूली बच्चों को आसपास की दुकानों और होटलों में शरण लेनी पड़ी। बताते चलें कि स्थिति काबू में रखने के लिए पूरे नोएडा में भारी संख्या में पुलिस के जवान तैनात हैं और प्रदर्शनकारियों से लगातार बातचीत भी की जा रही है।

इस घटना के बारे में सब इंस्पेक्टर माता प्रसाद गुप्ता ने कहा है, 'कुछ शरारती तत्वों ने पथराव किया है। जो लोग घरों में साफ-सफाई करते हैं, वे अपनी मांगों के लिए प्रदर्शन कर रहे थे। हमने उनसे बातचीत की है। पथराव के चलते मुझे भी चोट लगी है। पथराव करने वाले कुछ लोगों को पकड़ा भी गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।'

 

यह भी पढ़ें: वीकली ऑफ, ज्यादा सैलरी, नोएडा में प्रदर्शनकारियों की मांगें क्या हैं?

 

बता दें कि सोमवार को कई इलाकों में हुए प्रदर्शन के बाद सैकड़ों लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। सरकार ने न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने का एलान किया है और वादा किया गया है कि बाकी की मांगें भी मानी जाएंगी। हालांकि, कई कंपनियों के आगे अभी भी प्रदर्शन जारी है और मांगें तुरंग लागू किए जाने को लेकर आंदोलन किया जा रहा है।