देश की राजधानी दिल्ली में इस बार अप्रैल महीने में ही झुलसाने वाली गर्मी ने दस्तक दे दी है। शहर के कई इलाकों में सोमवार को तापमान 40 डिग्री के पार गया और लू की वजह से लोग परेशान रहे। आमतौर पर इस तरह की गर्मी मई के अंत और जून की शुरुआत में देखने को मिलती है। दिल्ली के कई इलाकों में तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस ज्यादा चल रहा है। आंकड़े बताते हैं कि बीते 15 साल में यह दूसरा मौका है, जब अप्रैल में ही दिल्ली के लोगों को लू का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले साल 2011 के बाद 2022 में 8 से लेकर 11 अप्रैल तक यानी चार दिन लू की स्थिती बनी थी।
मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली और कुछ अन्य प्रान्तों में ज्यादा गर्मी पड़ने की आशंका जताई थी। दिल्ली वासियों को इस बार असमान्य गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही निकलने वाली धूप के चलते तापमान काफी तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार को दिल्ली के ज्यादातर इलाको में कड़ी धूप निकली थी। लोगों को 10 बजे के बाद से ही तपिश महसूस होने लगी थी। दोपहर के समय गर्मी का प्रकोप कुछ ज्यादा ही बढ़ गया था, जिससे खुले में काम करने वाले और दोपहिया वाहन से चलने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से सरकार ने कैसे कमाए 400 करोड़?
कब बनती है लू की स्थिती?
मौसम विभाग के मुताबिक, जब तापमान 40 डिग्री से ऊपर या सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा हो तो ऐसे में लू की स्थिती मानी जाती है। वहीं, सामान्य से तापमान 6.5 डिग्री ज्यादा हो तो उसे गंभीर लू की स्थिती(सीवियर हीट वेव) माना जाता है। इस साल दिल्ली में अभी तक कई बार तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री ऊपर जा चुका है।
यह भी पढ़ें: बिहार में सीता मंदिर को कैसे राजनीतिक मुद्दा बना रही है बीजेपी?
दिल्ली के इन इलाकों में लू का है खतरा?
मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली के तीन इलाकों में लू की स्थिती बन रही। सफदरजंग, रिज और आयानगर में पारा 40 डिग्री के पार चला गया। आयानगर में तापमान सामान्य से 6.1 डिग्री सेल्सियस और रिज में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.9 डिग्री सेल्सियस ज्यादा देखने को मिला है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच दिल्ली में लू की स्थिती बनी रहेगी। इसके लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के आसार हैं।