दिल्ली में सर्दी में ही बढ़ती गर्मी से जल्द राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टर्बेन्स के चलते दिल्ली में 19 और 20 फरवरी को हल्की बारिश हो सकती है। भारत के उत्तरी भाग में भी मौसम तेजी से बदल रहा है। जहां एक तरफ दिन में गर्मी का एहसास हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ रात में ठंड महसूस हो रही है। दिल्ली-NCR को लेकर ऐसा कहा जा रहा है कि इस बार गर्मी समय से पहले ही आ गई है। हालांकि, दिन में बढ़ती गर्मी से दिल्ली समेत उत्तर भारत और देश के कई अन्य राज्यों को जल्द ही छुटकारा मिल सकता है। इन जगहों पर एक बार फिर से तापमान में गिरावट देखी जा सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दो से तीन दिनों में देश के कई राज्यों में ठीक-ठाक बारिश हो सकती है।

 

फरवरी में ही मार्च महीने की तरह तापमान होता जा रहा है। खासतौर से दिल्ली-NCR में उम्मीद से ज्यादा ही इस चीज का अनुभव लोग कर रहे हैं। हालांकि, मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए अनुमान को देखें तो कुछ ही दिनों में लोगों को इस बढ़ते तापमान से काफी हद तक राहत मिल सकती है। रविवार शाम दिल्ली में छाए बादल देखकर लोग गर्मी से थोड़ी बहुत राहत मिलने की उम्मीद जता रहे हैं। 

 

यह भी पढ़ें: 'चीन को दुश्मन मानना ठीक नहीं', फिर विवादों में आए सैम पित्रोदा

कब और कहां है बारिश की संभावना?

भारत के कई राज्यों में बीते कुछ दिनों से तापमान में उछाल और गिरावट दोनों देखने को मिल रहा है। बता दें कि बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और तेलंगाना में कई जगहों पर दिन के तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं राजस्थान, गुजरात, आंध्र प्रदेश में कई स्थानों पर तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।  मौसम विभाग के अनुसार, 17 फरवरी से 22 फरवरी तक अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना है। इसी बीच 19 फरवरी को मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है।

 

मौसम विभाग ने भारत के कई राज्यों में बारिश की आशंका जताई है। बता दें कि अगले हफ्ते तक असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी हल्की बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। साथ ही मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया है कि भारत के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों और आसपास के मैदानी इलाकों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। जो 18 फरवरी की रात से 20 फरवरी के तक आ सकता है। इस विक्षोभ की तीव्रता 19 और 20 फरवरी को सबसे अधिक होगी। इस विक्षोभ के चलते उत्तर भारत के मैदानी इलाके में भारी बारिश देखी जा सकती है।

 

यह भी पढ़ें: यात्री कृपया ध्यान दें! रेलवे स्टेशन पर नहीं मिलेगा प्लेटफॉर्म टिकट

किन राज्यों में हो सकती हैं बर्फबारी?

मौसम विभाग के मुताबिक, 17 से 22 फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। साथ ही, 18,19 और 20 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अगले 3-4 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस वृद्धि की संभावना है।