उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के बाद मौसम सुहाना हो गया। हिमाचल प्रदेश के कई जिलों बारिश और ओले गिरने की खबर है। उत्तराखंड में भी हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। दिल्ली और आसपास के इलाकों में शनिवार की शाम तेज आंधी और बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली। राजस्थान के चूरू, बीकानेर, हनुमानगढ़, श्री गंगानगर, नागौर, डीडवाना-कुचामन, अलवर और सीकर जिलों में धूल भरी आंधी से जन-जीवन प्रभावित हुआ। राजधानी जयपुर में भी बारिश से मौसम बदल गया।
हिमाचल के अलावा पंजाब-हरियाणा में भी बारिश ने गर्मी से राहत दी। राजधानी चंडीगढ़ में 18.2 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा हरियाणा के करनाल, रोहतक, सोनीपत, गुरुग्राम, सिरसा और नारनौल में भी बारिश हुई। पंजाब के पठानकोट जिले में ओले पड़े। वहीं रूपनगर, अमृतसर, पटियाला, लुधियाना, फाजिल्का, मोहाली, होशियारपुर और फिरोजपुर में जोरदार बारिश हुई। उत्तर प्रदेश के भी कई जिलों में बारिश रिकॉर्ड की गई। मेरठ, नजीबाबाद, लखीमपुर खीरी, मुजफ्फनगर और बहराइच में 3 से 18 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।
यह भी पढ़ें: पटना में झाड़ियों के पीछे हो रहा था ऐसा काम, पुलिस भी रह गई हैरान; चार गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार को भी हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि रिकॉर्ड की गई। राजधानी शिमला के आसपास करीब तीन घंटे तक बारिश हुई और कुछ स्थानों पर ओले पड़े।
आज कहां बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज यानी रविवार को पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, लक्षद्वीप, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पूर्वी राजस्थान, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में ओलावृष्टि के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई है। राजस्थान के कुछ जिलों में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आने की चेतावनी है।
इसके अलावा छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, गुजरात, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा और विदर्भ में आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आंधी-तूफान व राजस्थान के कुछ जिलों में धूल भरी आंधी आ सकती है।
यह भी पढ़ें: पंजाब में जीत से उत्साहित आप, यूपी में 50 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य
मौसम विभाग ने रविवार को मध्य महाराष्ट्र, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, तेलंगाना, बिहार,अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गांगेय पश्चिम बंगाल, दिल्ली, आंतरिक कर्नाटक, गोवा, मराठवाड़ा, पंजाब, रायलसीमा, तमिलनाडु और पुडुचेरी के अलग-अलग में बिजली गरजने और आंधी आने की संभावना जताई है।
हिमाचल के 10 जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को हिमाचल प्रदेश के 10 जिलों में मौसम खराब रहेगा। यहां आंधी-तूफान, बिजली गिरने और ओले पड़ने की चेतावनी दी है। प्रदेश में 5 जून तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सबसे अधिक बारिश 37.4 एमएम मंडी जिले के पंडोह में रिकॉर्ड की।
