जम्मू-कश्मीर में एक IED ब्लास्ट में दो जवान शहीद हो गए। बताया जा रहा है कि इस ब्लास्ट में तीन जवान घायल हो गए थे। इनमें से दो जवान शहीद हो गए। ब्लास्ट के बाद सेना ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर्प्स ने बताया कि ये IED ब्लास्ट अखनूर सेक्टर के लालेली में हुआ है। सीमा पर जवान जब पेट्रोलिंग कर रहे थे, तब ये ब्लास्ट हो गया। इसमें दो जवान शहीद हो गए हैं। कोर्प्स ने बताया कि ब्लास्ट के बाद सेना ने इलाके को घेर लिया है और तलाशी अभियान जारी है।
न्यूज एजेंसी PTI ने अधिकारियों के हवाले से बताया था कि अखनूर सेक्टर में LOC पर जब जवान पेट्रोलिंग कर रहे थे, तभी IED ब्लास्ट हुआ। माना जा रहा है कि आतंकियों ने IED लगाया था।
सुबह यहीं मिला था मोर्टार शेल
इससे पहले मंगलवार सुबह अखनूर सेक्टर में ही एक मोर्टार शेल भी मिला था। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, ये मोर्टार शेल नामंदर गांव के पास प्रताप नहर में मिला था। यहां कुछ लोगों ने सुबह 10 बजे मोर्टार शेल देखा था, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस आने के बाद बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड को यहां बुलाया गया। इसके बाद इस मोर्टार को डिफ्यूज कर दिया गया।