दुनियाभर में 2026 का जोरदार स्वागत किया गया। कहीं आतिशबाजी हुई तो कहीं जमकर पार्टियां। भारत में भी नए साल का धूमधाम तरीके से स्वागत हुआ। ठंड के बावजूद रात 12 बजे लोग सड़कों पर निकले और नए साल का स्वागत किया। साल के पहले दिन कानून व्यवस्था बनी रहे और लोग आपा न खोएं, इसके लिए सुरक्षा भी कड़ी रही। जगह-जगह पुलिस ने आने-जाने वाली गाड़ियों की चेकिंग भी की।
कश्मीर से लेकर हिमाचल और उत्तराखंड में पर्यटकों की भारी भीड़ रही। कश्मीर में बर्फबारी के बीच नए साल का स्वागत किया गया। दिल्ली में बुधवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन था, इसके बावजूद लोग जश्न मनाने के लिए घरों से निकले और नए साल का स्वागत किया।
दिल्ली और मुंबई जैसी मेट्रो सिटीज में लोग नए साल का स्वागत करने के लिए इंडिया गेट, कनॉट प्लेस और मरीन ड्राइव जैसी मशहूर जगहों पर जमा हुए।
कश्मीर में बर्फबारी के बीच मना जश्न
कश्मीर में लोगों ने घाटी के मशहूर टूरिस्ट स्पॉट पर खास प्रोग्राम के साथ नए साल का स्वागत किया। टूरिस्ट और स्थानीय लोग 2026 का स्वागत करने के लिए गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग जैसी जगहों पर बड़ी संख्या में पहुंचे।
अधिकारियों के अनुसार, देश भर से टूरिस्ट हाल ही में हुई बर्फबारी का आनंद लेने के लिए इन जगहों पर आए और इन जगहों पर भारी भीड़ देखी गई। लाल चौक सिटी सेंटर में ऐतिहासिक क्लॉक टावर के पास भी जश्न मनाया गया। इन जगहों के ज़्यादातर होटल बुक हो चुके थे।
हरियाणा के एक टूरिस्ट ने कहा, 'हम तीन दिनों से यहां हैं। हम नया साल मनाने आए थे। हमें अच्छा लगा और बर्फबारी एक आशीर्वाद की तरह है।'
एक और टूरिस्ट ने इस अनुभव को शानदार बताया। उन्होंने कहा, 'जश्न बहुत अच्छा था, माहौल बहुत शांतिपूर्ण और शानदार था। हमें कोई समस्या नहीं हुई। यह सबसे अच्छी जगह है, यह मनाली से बेहतर है।'
नए साल के जश्न के लिए अलग-अलग टूरिस्ट जगहों पर कई लेवल की सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा बलों ने पूरी घाटी में चेकिंग और निगरानी बढ़ा दी थी। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए घाटी की महत्वपूर्ण सड़कों पर अतिरिक्त चेकपॉइंट बनाए गए, गश्त बढ़ाई गई, एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन और अचानक निरीक्षण किए गए।
दिल्ली-यूपी-मुंबई में कैसे हुआ स्वागत?
राजधानी दिल्ली में कनॉट प्लेस और इंडिया गेट जैसी खास जगहों पर नए साल का जश्न मनाया गया। इन जगहों पर शाम से ही लोगों की भीड़ जमा होने लगी थी।
मुंबई में, जैसे ही घड़ी में आधी रात हुई, लोगों ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर नए साल 2026 का स्वागत करते हुए जश्न मनाया।
उत्तर प्रदेश में नए साल पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था रही। जगह-जगह चेतकपॉइंट्स बनाए गए थे। नोएडा के गार्डन गैलेरिया मॉल में जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। नोएडा के एसीपी (लॉ एंड ऑर्डर) राजीव नारायण मिश्रा ने बताया था कि लोग लगातार यहां आ रहे हैं। 8 हजार गाड़ियां पहले ही पार्किंग में आ चुकी हैं।
शिमला, मसूरी और डलहौजी जैसे हिल स्टेशन पर विंटर कार्निवाल भी चल रहा है। यहां पर्यटकों की जबरदस्त भीड़ है। नए साल का जश्न मनाने के लिए रात को लोग कार्निवाल में इकट्ठा हुए। इस दौरान लोगों ने नाच-गाकर नए साल का जश्न मनाया।
इसके अलावा भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, सूरत, उदयपुर और जयपुर में भी शानदार जश्न देखने को मिला। गोवा में भी आतिशबाजी कर नए साल का जश्न मनाया गया।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में लोगों ने आतिशबाजी के साथ नए साल का स्वागत किया और खास कार्यक्रमों में बॉलीवुड संगीत पर डांस किया।
साउथ में कैसे मनाया जश्न?
दक्षिण भारत में, हैदराबाद में प्रमुख जगहों पर आतिशबाजी, संगीत और देर रात तक चलने वाले जश्न के साथ बड़ी भीड़ देखी गई। हैदराबाद की मशहूर चार मीनार के बाहर भारी भीड़ देखने को मिली।
बेंगलुरु में निवासियों ने 2026 की शुरुआत का जश्न मनाया, जिससे आसमान एक बार फिर आतिशबाजी से जगमगा उठा।
कर्नाटक के बेलगावी में लोगों ने एक बुजुर्ग आदमी का पुतला जलाकर 2025 की विदाई की और नए साल का स्वाग किया। इस दौरान यहां बहुत भीड़ रही।
नए साल पर केरल और तमिलनाडु की चर्च रोशनी से जगमगा उठीं। रात में ही यहां नए साल की पहली प्रेयर की गईं, जिसमें काफी लोग जुटे। चेन्नई के मरीना बीच पर लोगों की भारी भीड़ देखी गई। कन्याकुमारी में पुलिसवालों ने केक काटकर नए साल का स्वागत किया। इसके बाद यहां आतिशबाजी भी की गई।
पूरे इंडिया में लोगों ने नई उम्मीद के साथ 2026 का स्वागत किया। अपने परिवारों और दोस्तों के साथ जश्न मनाया। जबकि, हर राज्य में पुलिस की टीमें कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए काम कर रही थीं।
