प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को द कॉमनवेल्थ ऑफ डोमिनिका ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा है। डोमिनिका सरकार की भारत ने कोविड महामारी के दौरान बहुत मदद की थी। डोमिनिका में वैक्सीन और दवाइयां भेजी गई थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में डोमिनिका की ओर से आधिकारिक रूप से कहा गया है कि उनकी वजह से दोनों देशों के रिश्ते बेहद मजबूत हुए हैं।

डोमिनिका के प्रधानमंत्री के कार्यालय ने एक प्रेस नोट में कहा, 'द कॉमनवेल्थ ऑफ डोमिनिका के राष्ट्रपति सिल्वेनी बर्टन यह पुरस्कार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत-कैरिकॉम समिट के दौरान देंगे। यह समिट 19 से 21 नवंबर के बीच गुयाना के जॉर्जटाउन में बुलाई गई है।

डोमिनिका ने क्यों पीएम मोदी को दिया सर्वोच्च सम्मान?
डोमिनिका ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है, 'फरवरी 2021 में, प्रधानमंत्री मोदी ने डोमिनिका को एस्ट्राजेनेका कोविड-19 वैक्सीन की 70,000 डोजें दीं। यह एक ऐसा उपहार था, जिसने डोमिनिका को अपने कैरेबियाई पड़ोसियों की मदद करने में सक्षम बनाया।' डोमिनिका के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया, 'स्वास्थ्य, शिक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी में भारत, डोमिनिका की मदद करता है। वैश्विक स्तर पर जलवायु परिवर्तन और सतत विकास में भारत की अहम भूमिका है। यह पुरस्कार भारत के मददगार रवैये को मान्यता दे रहा है।'



डोमिनिका के प्रधानमंत्री रूजवेल्ड स्केरिट की ओर से कहा गया है कि यह पुरस्कार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डोमिनिका की ओर से धन्यवाद है। रूजवेल्ड स्केरिट ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, डोमिनिका के सच्चे साथी रहे हैं। जब दुनिया स्वास्थ्य संकट से जूझ रही थी, तब उन्होंने हमारी मदद की। दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए यह सम्मान देना भी हमारे लिए सम्मान की बात है।'

प्रधानमंत्री मोदी को मिले वैश्विक सर्वोच्च पुरस्कार।

कैरिकॉम शिखर सम्मेलन में पीएम होंगे सम्मानित
डोमिनिका ने माना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जलवायु परिवर्तन और भू-राजनीतिक संघर्षों में कैरेबियाई देशों की मदद की है। डोमिनिका के राष्ट्रपति बर्टन और प्रधानमंत्री स्केरिट भारत-कैरिकॉम शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह भारत और कैरिकॉम के सदस्य देशों के बीच साझा प्राथमिकताओं और सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा करने का एक मंच है। कैरिकॉम (CARICOM) कैरेबियाई देशों का एक साझा मंच है।

कब-कब वैश्विक पुरस्कारों से नवाजे गए हैं प्रधानमंत्री मोदी?
-सऊदी अरब- ऑर्डर ऑफ अब्दुल अजीज अल साउद अवार्ड। 3 अप्रैल 2016
- अफगानिस्तान- स्टेट ऑर्डर ऑफ गाजी अमीर अमानुल्लाह खान अवार्ड। 4 जून 2016
- फलस्तीन- ग्रांड कलर ऑफ द स्टेट ऑफ फलस्तीन अवार्ड। 4 जून 2016
- रूस- ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल अवार्ड। 12 अप्रैल 2019
- मालदीव- ऑर्डर ऑफ द डिस्टिंग्विश रूल ऑफ निशान इज्जुद्दीन अवार्ड। 8 जून 2019
- UAE- ऑर्डर ऑफ जायेद अवार्ड। 24 अगस्त 2019
- बहरीन-किंग हमाद ऑर्डर ऑफ द रेनेसां अवार्ड। 25- अगस्त 2019
- अमेरिका- लीजन ऑफ मेरिट। 22 दिसंबर 2020
- भूटान- ऑर्डर ऑफ ड्रुक ग्यालपो अवार्ड। 17 दिसंबर 2021
- रिपब्लिक ऑफ पलाऊ- एबाकल अवार्ड बाई द रिपब्लिक ऑफ पलाऊ। 22 मई 2023
- पपुआ न्यू गिनी-  कंपेनियन ऑफ द ऑर्डर। 22 मई 2023
- फिजी- कंपेनियरन ऑफ द फिजी अवार्ड। 22 मई 2023
- मिस्र- ऑर्डर ऑफ द नील अवार्ड। 25 जून 2023
- फ्रांस- ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर अवार्ड। 14 जुलाई 2023
- ग्रीस- ग्रैंड क्रॉस ऑफ ऑर्डर ऑफ ऑनर अवार्ड। 25 अगस्त 2023
- डोमिनिका- डोमिनिका अवार्ड ऑफ ऑनर। 14 नवंबर 2024