महाराष्ट्र में विधानसभा का चुनाव पूरा हो चुका है और 23 नवंबर को चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। अब जीते हुए विधायकों के बारे में जानकारी सामने आई है। इस बार महाराष्ट्र में जीते हुए विधायकों में से 97 पर्सेंट विधायक करोड़पति हैं। 65 पर्सेंट विधायक ऐसे हैं जिनके खिलाफ आपराधिक मामले चल रहे हैं। यानी इन लोगों के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार, लूट, मारपीट, छोखाधड़ी, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे आरोपों में केस दर्ज है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 70 पर्सेंट तो कांग्रेस के 56 पर्सेंट विधायकों के खिलाफ आपराधिक मामले चल रहे हैं। सिर्फ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ऐसा पार्टी है जिसके 50 पर्सेंट से कम विधायकों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।

 

चुनावों पर नजर रखने वाली संस्था असोसिएशन फॉर डेमोक्रैटिक रिफॉर्म्स ने अपनी रिपोर्ट जारी है। इस रिपोर्ट में जीते हुए विधायकों की ओर से दिए गए हलफनामे का विश्लेषण करके यह पता लगाया गया है कि कितने विधायक आपराधिक छवि वाले हैं। साथ ही, इस रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि जीते हुए कितने विधायकों के खिलाफ किस तरह के मामले चल रहे हैं और इसमें से कितने विधायक कितने अमीर हैं। आंकड़ों के मुताबिक, अमीर विधायकों की संख्या चुनाव दर चुनाव बढ़ती जा रही है। 2019 के चुनाव के बाद 93 पर्सेंट विधायक करोड़पति थे तो इस बार 97 पर्सेंट विधायक करोड़पति हैं।

आंकड़ों से समझिए पूरी कहानी

 

महाराष्ट्र के 288 में से 286 विधायकों के एफिडेविट का विश्लेषण किया गया है। 288 में से 187 यानी 65 पर्सेंट विधायक ऐसे हैं, जिन के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। 118 विधायक ऐसे हैं जिनके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। 286 में 277 विधायक ऐसे हैं जो करोड़पति हैं। यानी 97 पर्सेंट विधायकों की संपत्ति एक करोड़ से ज्यादा है। जीते हुए विधायकों की औसत संपत्ति 43.42 करोड़ रुपये है।

 

एनसीपी, समाजवादी और जन सुराज्य पार्टी के सभी विधायक करोड़पति हैं। शिवसेना और बीजेपी के 98 पर्सेंट विधायक करोड़पति हैं। शिवसेना (UBT) के 95 पर्सेंट, कांग्रेस के 94 पर्सेंट और एनसीपी (SCP) के 88 पर्सेंट विधायक करोड़पति हैं। आपराधिक छवि के मामलों को देखें तो 2009 में सिर्फ 51 पर्सेंट विधायक ऐसे थे जिनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज थे। 2014 में यह संख्या 57 पर्सेंट हुई, 2019 में 62 पर्सेंट हुई और 2024 में आपराधिक छवि वाले विधायकों की संख्या 65 पर्सेंट हो गई है।

कौन कितनी सीटें जीता?

 

महाराष्ट्र में बीजेपी ने सबसे ज्यादा 132 सीटें जीती हैं। दूसरे नंबर पर शिवसेना है जिसे 57 सीटें मिली हैं और तीसरे नंबर पर मौजूद एनसीपी के 41 विधायक जीते हैं। चौथे नंबर पर शिवसेना (UBT) है जिसके 20 विधायक जीते हैं। कांग्रेस के 16 और एनसीपी (शरद पवार) के 10 विधायक जीते हैं।

 

कैसे हैं महाराष्ट्र के नए विधायक

 

सबसे अमीर विधायक- पराग शाह (BJP), संपत्ति 3383 करोड़
सबसे गरीब विधायक- साजिद खान पठान (कांग्रेस), संपत्ति 9 लाख
सबसे ज्यादा बकाया कर्ज- मंगल प्रभात लोढ़ा (BJP), 306 करोड़
सबसे ज्यादा इनकम टैक्स- पराग शाह, 44 करोड़
ग्रेजुएट विधायक- 165
12वीं तक पढ़े विधायक-105
डिप्लोमाधारी विधायक-14
सिर्फ साक्षर विधायक- 2
सबसे युवा विधायक- रोहित सुमन (एनसीपी- शरद पवार), उम्र-25 साल
सबसे बुजुर्ग विधायक- छगन भुजबल (एनसीपी), उम्र- 77 साल
महिला विधायक- कुल 22
हत्या के मामले वाले केस- 3 विधायक
हत्या के प्रयास से जुड़े केस-11 विधायक
महिला के ऊपर अत्याचार से जुड़े केस- 10 विधायक