देश की राजधानी दिल्ली में एक शख्स ने खुद को आग लगाकर जान देने की कोशिश की है। दिल्ली पुलिस ने बताया है कि इस शख्स ने संसद भवन परिसर से थोड़ी दूर रेल भवन गोल चक्कर पर खुद को आग लगा ली थी। स्थानीय पुलिस ने मौका रहते हुए उसे रोका और अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया गया है कि यह शख्स उत्तर प्रदेश के बागपत का रहने वाला है। फिलहाल यह पता नहीं चला है कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। इस मामले की जांच की जा रही है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस शख्स को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस के मुताबिक, संभवत: इस शख्स का नाम जितेंद्र है और यह उत्तर प्रदेश के बागपत का रहने वाला है। खुद का आग लगाने वाला शख्स बुरी तरह झुलस गया है। पुलिस के घटनास्थल से पेट्रोल भी मिला है।
क्या हुआ है?
पुलिस की ओर से मिली सूचना के मुताबिक, स्थानीय पुलिस, रेलवे पुलिस और कुछ नागरिकों ने तुरंत आग बुझाई और इस शख्स को अस्पताल भेजने में मदद की। पुलिस का कहना है कि संभवत: यह मामला आपसी विवाद का है। इस मामले में आगे की जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को दो पन्ने का एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस शख्स ने पहले तो खुद को आग लगाई फिर संसद की ओर भागने लगा।