भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह का गुरुवार को दिल्ली एम्स में निधन हो गया। उन्होंने 92 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। डॉक्टर सिंह काफी समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। उनको गुरुवार देर शाम एम्स के इंमरजेंसी वार्ड में एडमिट किया गया था। मनमोहन सिंह साल 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे थे। भारत के प्रधानमंत्री रहने के दौरान वह अपनी सादगी और खामोशी से काम करने के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से देश में शोक की लहर है।  

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया है। पीएम ने एक्स पर कहा, 'भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक मना रहा है। साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वे एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर काम किया और सालों तक हमारी आर्थिक नीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। संसद में उनके हस्तक्षेप भी बहुत ही व्यावहारिक थे। हमारे प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।'

डॉक्टर सिंह को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'मनमोहन सिंह और मैं उस समय नियमित रूप से बातचीत करते थे जब वे प्रधानमंत्री थे और मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था। हम शासन से संबंधित विभिन्न विषयों पर गहन विचार-विमर्श करते थे। उनकी बुद्धिमत्ता और विनम्रता हमेशा देखने को मिलती थी। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं डॉ. मनमोहन सिंह के परिवार, उनके मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।'

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'निस्संदेह, इतिहास आपका न्याय विनम्रता से करेगा, डॉक्टर मनमोहन सिंह जी! पूर्व प्रधानमंत्री के निधन से भारत ने एक दूरदर्शी राजनेता, एक बेदाग निष्ठावान नेता और एक अद्वितीय कद के अर्थशास्त्री को खो दिया है। आर्थिक उदारीकरण और अधिकार-आधारित कल्याण प्रतिमान की उनकी नीति ने करोड़ों भारतीयों के जीवन को गहराई से बदल दिया, उन्होंने भारत में एक मध्यम वर्ग का निर्माण किया और करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला।'

खड़गे ने कहा, 'मैं एक आजीवन वरिष्ठ सहयोगी, एक सौम्य बुद्धिजीवी और एक विनम्र आत्मा के नुकसान पर शोक व्यक्त करता हूं, जिन्होंने भारत की आकांक्षाओं को मूर्त रूप दिया, जो अटूट समर्पण के साथ रैंकों में ऊपर उठे।'

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि राजनीति में बहुत कम लोग सरदार मनमोहन सिंह जी जैसा सम्मान पाते हैं। उनकी ईमानदारी हमेशा हमारे लिए प्रेरणास्रोत रहेगी और वे हमेशा उन लोगों के बीच खड़े रहेंगे जो इस देश से सच्चा प्यार करते हैं, क्योंकि वे अपने विरोधियों द्वारा अनुचित और गहरे व्यक्तिगत हमलों के बावजूद देश की सेवा करने की अपनी प्रतिबद्धता में दृढ़ रहे। वे वास्तव में समतावादी, बुद्धिमान, दृढ़ इच्छाशक्ति वाले और अंत तक साहसी रहे। राजनीति की दुनिया में वह एक अद्वितीय गरिमामय और सज्जन व्यक्ति थे।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने एक्स पर ट्वीट किया, "पूर्व प्रधानमंत्री और भारत के आर्थिक परिदृश्य को बदलने वाले प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। पद्म विभूषण से सम्मानित और 1991 में भारत के आर्थिक उदारीकरण के वास्तुकार, उन्होंने साहसपूर्वक हमारे देश को एक महत्वपूर्ण परिवर्तन के माध्यम से आगे बढ़ाया, विकास और समृद्धि के लिए नए रास्ते खोले।'

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मनमोहन सिंह के निधन पर दुख जताते हुए कहा, 'भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से बहुत दुःख हुआ। उन्होंने कठिन समय में भारत की अर्थव्यवस्था के पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सेवा और बुद्धिमत्ता के लिए उन्हें बड़े पैमाने पर सम्मान दिया जाता था। भारत की प्रगति में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ओम शांति'

गृह मंत्री अमित शाह

देश के गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर कहा, 'पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद है। भारतीय रिजर्व बैंक में गवर्नर से लेकर देश के वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह ने देश की शासन व्यवस्था में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। वाहेगुरु जी उनकी आत्मा को सद्गति प्रदान करें और उनके परिवारजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।'

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, 'देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ॰ मनमोहन सिंह का निधन दुःखद। वे एक कुशल राजनेता एवं अर्थशास्त्री थे। उनके नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिली। डॉ॰ मनमोहन सिंह का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की चिर शांति के लिए प्रार्थना है।'

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक्स पर कहा, 'सत्य और सौम्य व्यक्तित्व के धनी महान अर्थशास्त्री भूतपूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन एक अंतरराष्ट्रीय अपूरणीय क्षति है। भावभीनी श्रद्धांजलि!'

 

इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी, यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने मनमोहन सिंह को याद करने हुए उनके निधन पर दुख जताया है।