अल्फ्रेड नोबेल द्वारा यह पुरस्कार आज ही के दिन यानी 27 नवंबर 1895 को की गई थी। हालांकि, पहली बार इसे साल 1901 में दिया गया। नोबेल पुरस्कार को 6 अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों में से किसी को दिया जाता है।
आइए जानते हैं कि इस पुरस्कार के तहत कितनी राशि दी जाती है। इस पुरस्कार के लिए विजेताओं का चयन कैसे किया जाता है और किस देश को सर्वाधित पुरस्कार मिल चुके हैं।
किन क्षेत्रों में दिया जाता है
नोबेल पुरस्कार अलग-अलग 6 श्रेणियों में दिया जाता है. यह इन क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान, खोज या आविष्कार के लिए प्रदान किया जाता है। ये क्षेत्र है भौतिकी (फिजिक्स), रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री), चिकित्सा विज्ञान (मेडिकल या फिजियॉलजी), साहित्य, शांति और अर्थशास्त्र।
इनमें से भौतिकी, रसायन विज्ञान और अर्थशास्त्र के लिए रॉयल स्वीडिश एकेडमी की तरफ से, फिजियॉलजी या मेडिसिन के लिए कैरोलिंस्का इन्स्टीट्यूट, साहित्य के लिए स्वीडिश एकेडमी और शांति के लिए नॉर्वेजियन नोबेल पुरस्कार कमेटी द्वारा दिया जाता है।
शांति के लिए नोबेल पुरस्कार उन लोगों में से किसी को दिया जाता है जिसने दो राष्ट्रों के बीच शांति स्थापित करने या समाज सेवा के क्षेत्र में कुछ बड़ा काम किया हो।
कैसे चुनाव किया जाता है, पैरामीटर्स क्या हैं
किसी व्यक्ति को नोबेल पुरस्कार के लिए चुने जाने की लंबी प्रक्रिया है। सबसे पहले नोबल कमेटी कुछ चुने गए लोगों को नॉमिनेशन फॉर्म भेजती है. आमतौर पर यह सितंबर के महीने में किया जाता है। नॉमिनेशन की डेडलाइन जनवरी के अंत तक होती है।
नॉमिनेशन के बाद नोबेल कमेटी स्क्रीनिंग करती है और इसके बाद नामों की एक लिस्ट तैयार करती है।
फिर शॉर्ट लिस्ट किए गए लोगों के नामों पर उस विषय के एक्सपर्ट अलग रिपोर्ट तैयार करते हैं। फिर एक्सपर्ट रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर नोबेल कमेटी इन नामों पर विचार करती है। इसके बाद नोबेल कमेटी साधारण बहुमत के आधार पर अंतिम फैसला करती है। इस फैसले के खिलाफ कोई अपील नहीं की जा सकती है।
इसके बाद दिसंबर में नोबेल पुरस्कार दिया जाता है। पुरस्कार के तहत मेडल, डिप्लोमा और दी जाने वाली धनराशि से संबंधित डॉक्युमेंट होता है।
पैसा कहां से आता है
नोबेल पुरस्कार के तहत दिया जाने वाला पैसा अल्फ्रेड नोबेल के द्वारा बनाए गए फंड से दिया जाता है। 1895 में नोबेल ने अपना सारा धन नोबेल फाउंडेशन को दे दिया था। इस फंड को 'सेफ सिक्युरिटीज़' वगैरह में इन्वेस्ट किया गया है। इसी से मिलने वाले ब्याज से नोबेल पुरस्कार दिया जाता है।
इस पुरस्कार के तहत दी जाने वाली राशि काफी बड़ी होती होती है. हालांकि, यह साल दर साल बदलती रहती है। साल 2023 में यह राशि करीब एक करोड़ क्रोनर थी। लेकिन हर साल यह नोबेल फाउंडेशन द्वारा प्राप्त की गई धनराशि के मुताबिक होता है। जो भी धनराशि मिलती है उसे पुरस्कार पाने वाले सभी लोगों में बराबर-बराबर बांट दिया जाता है। अगर किसी क्षेत्र में पुरस्कार पाने वाले दो लोग होते हैं तो उस क्षेत्र के लिए निर्धारित राशि को आधा-आधा बांट दिया जाता है।
भारत में कितने लोगों को दिया गया
भारत में अभी तक कुल 9 लोगों को नोबेल पुरस्कार दिया गया है। नोबेल पाने वाले पहले भारतीय रबीन्द्र नाथ टैगोर थे जिन्हें 1913 में यह पुरस्कार साहित्य के क्षेत्र में दिया गया था।
- इसके बाद 1930 में भौतिकी के लिए सर सीवी रमन को दिया गया।
- भारत से नोबेल पाने वाली एकमात्र महिला मदर टेरेसा हैं जिन्हें यह पुरस्कार 1979 में दिया गया।
- इसके अलावा यह पुरस्कार पाने वालों में अमर्त्य से (अर्थशास्त्र), कैलाश सत्यार्थी, वेंकट रमन रामकृष्ण, सुब्रमण्यन रामकृष्ण, सुब्रमण्यन चंद्रशेखर, हरगोबिंद खुराना और अभिजीत बनर्जी हैं।
इसके अलावा श्री अरबिंदो, महात्मा गांधी, केएस कृष्णन, सीएनआर राव और ईसीजी सुदर्शन को नोबेल पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किया गया लेकिन उन्हें यह पुरस्कार मिल नहीं पाया।
महात्मा गांधी को इसलिए नोबेल पुरस्कार नहीं दिया जा सका था क्योंकि पुरस्कार के नॉमिनेशन के दो दिन पहले ही उनकी हत्या कर दी गई और कमेटी को यह बात स्पष्ट नहीं थी कि उनकी जगह पर किसे दिया जाए।
दुनिया में सर्वाधिक नोबल किस देश को दिया गया
दुनिया में सर्वाधिक अवॉर्ड पाने वाला देश संयुक्त राज्य अमेरिका है। अमेरिका को कुल 420 नोबल पुरस्कार मिल चुके हैं जो कि कुल बांटे गए नोबेल पुरस्कारों का 71 प्रतिशत हिस्सा है।
इसके बाद स्थान आता है यूके का, जिसे कुल 142 पुरस्कार मिले हैं। नोबेल पुरस्कार पाने के मामले में तीसरे स्थान पर जर्मनी, चौथे स्थान पर फ्रांस और 5वें स्थान पर खुद स्वीडन है।