हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला का 89 साल की उम्र में निधन हो गया। गुरुग्राम के वेदांता अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। वह उम्र संबधी परेशानियों से जूझ रहे थे। सुबह नाश्ते के बाद उनकी तबीयत खराब हुई, उन्हें अस्पताल ले जाया गया। करीब आधे घंटे बाद उनका निधन हो गया। दोपहर 12 बजे उनके निधन की खबर सार्वजनिक हुई।
ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर राजनीति जगत के लोगों ने भी दुख जाहिर किया है। वह देश के चर्चित नेताओं में से एक रहे हैं। इंडियन नेशनल लोक दल का कई दलों के साथ गठबंधन रहा है। उनके पुराने साथियों ने भी उन्हें याद किया है। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी उन्हें याद किया है।
किसने क्या कहा? पढ़ें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। प्रदेश की राजनीति में वे वर्षों तक सक्रिय रहे और चौधरी देवीलाल जी के कार्यों को आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति।'
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ नेता चौ. ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन का समाचार दुःखद है। उन्होंने हरियाणा और देश की सेवा में उचित योगदान दिया। दुःख की इस घड़ी में हम उनके परिवार व समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं और दिवगंत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हैं।'
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, 'इनेलो सुप्रीमो एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने प्रदेश और समाज की जीवनपर्यंत सेवा की। देश व हरियाणा प्रदेश की राजनीति के लिए यह बड़ी क्षति है। प्रभु राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।'
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने कहा, 'हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में हमारे साथी रहे ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन का समाचार दुःखद है। उनसे हमारे पारिवारिक संबंध रहे और अपने मुख्यमंत्रित्व काल में उन्होंने प्रदेश के विकास में काफी योगदान दिया। दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि और परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ। भगवान् से प्रार्थना है कि दुःख की इस घड़ी में परिवारजनों को सम्बल प्रदान करें।'
समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव ने X पर पोस्ट किया, 'हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'