दिल्ली से शिरडी जाने वाली इंडिगो फ्लाइट में एक बार फिर से छेड़छाड़ का मामला सामने आय़ा है। कथित तौर पर एक पुरुष यात्री ने एयर होस्टेस के साथ छेड़छाड़ करने की। उसे हिरासत में ले लिया गया है।
अभी तक की जानकारी के मुताबिक व्यक्ति नशे में था और उसने विमान के टॉयलेट के पास एयर होस्टेस को गलत तरीके से छुआ। एयर होस्टेस ने तुरंत क्रू मैनेजर को बताया, जिन्होंने लैंडिंग के बाद सुरक्षा कर्मियों को इस बारे में सूचना दी।
यह भी पढ़ेंः इंडिगो फ्लाइट में बम की अफवाह से मचा हड़कंप, कनाडाई नागरिक गिरफ्तार
आरोपी गिरफ्तार
आरोपी को शुक्रवार दोपहर शिरडी हवाई अड्डे पर उतरने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया और उसे राहता पुलिस स्टेशन ले जाया गया। पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया, और मेडिकल जांच में पुष्टि हुई कि यात्री ने शराब पी थी। राहता पुलिस ने आरोपी को नोटिस दिया है।
इंडिगो ने कहा, ‘हमें 2 मई 2025 को दिल्ली से शिरडी की फ्लाइट 6E 6404 में एक यात्री के द्वारा केबिन क्रू के साथ गलत व्यवहार किए जाने की जानकारी है। हमारे क्रू ने मानक प्रक्रिया का पालन किया और यात्री को गैर जिम्मेदार घोषित किया गया। लैंडिंग के बाद, यात्री को सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दिया गया। इंडिगो में, हम सभी के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और किसी भी असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हैं।’