सोशल मीडिया पर समय-समय पर अलग-अलग तरह के ट्रेंड वायरल होते रहते हैं। कभी कोई AI से अपनी तस्वीरें बनाता है तो कोई पुरानी तस्वीरों को नए तरीके से पेश करता है। कई बार ये ट्रेंड मजेदार होते हैं तो कई बार खतरनाक भी हो जाते हैं। ऐसा ही एक ट्रेंड इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर चल रहा है जिसमें लोग Grok से अलग-अलग काम करवा रहे हैं। इसी क्रम में महिलाओं के कपड़े कम करवाने वाली तस्वीरें भी बनवाई जा रही हैं। इस मामले पर अब शिवसेना (उद्धव बाला साहब ठाकरे) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को चिट्ठी लिखकर मांग की है कि इस पर रोक लगाई जाए।
प्रियंका चतुर्वेदी ने इस पर चिंता जताते हुए लिखा है कि फर्जी X अकाउंट्स के जरिए महिलाओं के फोटो शेयर किए जा रहे हैं और Grok से कहा जा रहा है कि महिलाओं के कपड़े कम कर दो। उन्होंने इसे महिलाओं की निजता का हनन बताते हुए मांग की है कि X से इस मामले पर बात की जाए और AI ऐप्स को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाया जाए। प्रियंका चतुर्वेदी ने यह चिट्ठी केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और इन्फॉर्मेशन टेक्नॉलजी (MeitY) मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखी है।
यह भी पढ़ें- OpenAI वाले सैम ऑल्टमैन तक परेशान हो गए, आखिर ऐसा क्या कर रहे AI Agents?
क्या है मामला?
X पर पिछले कई दिनों से देखा जा रहा है कि लोग X पर तस्वीरें अपलोड करते हैं और उसके AI प्लेटफॉर्म Grok को टैग करके कहते हैं कि वह उस तस्वीर में कुछ बदलाव कर दे। कोई इसके जरिए अपने राजनीतिक विरोधियों का मजाक उड़ा रहा है तो कोई मजेदार एडिटिंग करवा रहा है। इसी का दुरुपयोग कुछ लोगों की ओर से महिलाओं की तस्वीर से छेड़छाड़ के लिए भी किया जा रहा है।
इसमें लोग महिलाओं की फोटो अपलोड करते हैं और उससे कहते हैं कि महिलाओं को बिकिनी में दिखाओ या फिर कपड़े हटा दो। हैरानी की बात यह है कि Grok इन चीजों को गलत नहीं समझता और वह फोटो को एडिट करके भी दे देता है। Grok पर ऐसी हजारों तस्वीरें तैर रही हैं जिनमें लोगों को कम कपड़ों में दिखाया गया है। अब प्रियंका चतुर्वेदी ने इसी को लेकर आपत्ति दर्ज कराते हुए इसे महिलाओं के खिलाफ बताया है।
यह भी पढ़ें- Netflix, Amazon Prime और Youtube में सबसे ज्यादा क्या देखते हैं लोग?
प्रियंका चतुर्वेदी ने क्या लिखा?
अपनी चिट्ठी में प्रियंका गांधी ने लिखा है, 'मैं आईटी एंड कम्युनिकेशन की स्टैंडिंग कमेटी की सक्रिय सदस्य हूं और आपसे अनुरोध कर रही हूं कि इस मामले को X के सामने सख्ती से उठाएं ताकि AI ऐप्स और प्लेटफॉर्म्स को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाया जा सके। हमार देश महिलाओं के सम्मान के उल्लंघन पर मूकदर्शक नहीं बन सकता है।'
उन्होंने यह चिट्ठी अश्विनी वैष्णव के अलावा कम्युनिकेशन एंड आईटी की स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन डॉ. निशिकांत दुबे और MeiTY से सचिव एस कृष्णन को भी चिट्ठी लिखी है।
