कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को साफ कहा कि वे किसानों के हक के लिए लड़ते रहेंगे, चाहे उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो, मुकदमा चले या फिर प्रिविलेज मोशन लाया जाए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'एफआईआर हो, मुकदमा दर्ज हो या प्रिविलेज प्रस्ताव लाएं, मैं किसानों के लिए लड़ूंगा।'
राहुल गांधी ने यह बयान ऐसे समय में दिया है, जब केंद्र सरकार और बीजेपी की ओर से उनके खिलाफ कार्रवाई की चर्चा चल रही थी। एक दिन पहले केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा था कि राहुल गांधी ने सदन को गुमराह करने की कोशिश की है और बेबुनियाद बयान दिया है जिसकी वजह से उनके खिलाफ प्रिविलेज मोशन लाया जाएगा। लेकिन सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार ने अब प्रिविलेज मोशन आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया है। सरकार संसदीय चर्चा से ही इस मामले को सुलझाना चाहती है।
यह भी पढ़ें: 'फिजिकली इंडियन और मेंटली विदेशी हैं', राहुल गांधी पर भड़के बीजेपी नेता
डील को बताया किसान विरोधी
राहुल गांधी ने किसानों की आजीविका और देश की खाद्य सुरक्षा पर जोर देते हुए चेतावनी दी कि कोई भी ट्रेड डील जो किसानों की रोजी-रोटी छीने या देश की खाद्य सुरक्षा को कमजोर करे, वह किसान-विरोधी होगी। उन्होंने कहा, 'जो भी ट्रेड डील किसानों की रोजी-रोटी छीने या देश की खाद्य सुरक्षा को कमजोर करे, वह किसान-विरोधी है।'
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पर किसान-विरोधी होने का आरोप लगाया। राहुल ने कहा, 'अन्नदाताओं के हितों से किसान-विरोधी मोदी सरकार को समझौता नहीं करने देंगे।' उनका मत है कि किसानों की भलाई और देश की खाद्य सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
कहा- फूड सिक्युरिटी के लिए घातक
राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने फूड सिक्युरिटी के मामले में किसानों को धोखा दिया है यूएस के साथ डील करके उन्होंने सोया के किसानों को, कपास के किसानों को और सेब के किसानों को बेच दिया है।
उनका कहना है कि भारत की कृषि मार्केट पर सालों से विदेश के लोग कब्जा पाने की कोशिश कर रहे हैं और नरेंद्र मोदी ने उनके लिए दरवाजा खोला है, इसलिए खोला है क्योंकि डोनाल्ड ट्रंप ने नरेंद्र मोदी की लगाम पकड़ रखी है।
आगे राहुल गांधी ने कहा, ‘यह तो शुरुआत है, नरेंद्र मोदी विदेशी ताकतों के लिए और अपने मित्रों अडाणी, अंबानी के लिए पूरे देश की मार्केट को खोलेंगे।' उन्होंने कहा कि पूरा देश जानता है कि नरेंद्र मोदी किसान विरोधी हैं। पहले भी वह काले कानून लाए थे और अब उन्होंने विदेशी ताकतों के लिए दरवाजा खोल दिया है।'
किसानों ने किया था विरोध
यह बयान ऐसे समय आया है जब देश में मजदूरों और किसानों के मुद्दों पर बहस तेज है। ट्रेड यूनियनों ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ हड़ताल की थी, और राहुल गांधी ने उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सरकार मजदूरों और किसानों की आवाज को अनसुना कर रही है। खासकर भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर किसानों में डर है कि इससे उनकी आजीविका प्रभावित होगी।
यह भी पढ़ें: 'भारत माता को आपने बेचा, आंखों में डर दिखता है...', सरकार पर बरसे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि वे दबाव में नहीं आएंगे और किसानों के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि अन्नदाता यानी किसान देश की नींव हैं, और उनकी सुरक्षा सबसे जरूरी है।
