संसद में विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक के सांसद देश बचाओ के नारे लगा रहे हैं। विपक्षी सांसद संसद के बाहर धरना दे रहे हैं और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। पहले मास्क और टी शर्ट बांटने के बाद अब कांग्रेसी नेता तिरंगा झंडा और गुलाब बांट रहे हैं।

एनडीए सांसदों को कांग्रेस सांसद चुन-चुनकर रोक रहे हैं और उनके हाथों में गुलाब और तिरंगा दे रहे हैं. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपने रूस दौरे से लौटकर जैसे संसद पहुंचे, राहुल गांधी उनसे मिलने के लिए दौड़ पड़े। उन्होंने राजनाथ सिंह के हाथों में दौड़कर गुलाब थमाया। राजनाथ सिंह बिना गुलाब लिए आए बढ़ गए।

एक तरफ राहुल गांधी राजनाथ सिंह को गुलाब और तिरंगा सौंप रहे थे, दूसरी तरफ विपक्षी सांसद देश को मत बिकने दो के नारे लगा रहे थे। कांग्रेस सासंद वर्षा गायकवाड़ ने कहा, 'हम उन्हें तिरंगा बांट रहे हैं। हम उनसे अनुरोध कर रहे हैं कि देश मत बिकने दीजिए। हम देख रहे हैं कि इन दिनों अदाणी समूह की सत्ता चला रहा है। गरीब लोगों की आवाज दबाई जा रही है। हम देश बेचने की साजिश के खिलाफ हैं।'

संसद में अदाणी-मोदी पर घमासान
कांग्रेस सांसद लगातार अदाणी के मुद्दे पर कांग्रेस को घेर रहे हैं। मंगलवार को भी कांग्रेस सांसदों ने अदाणी-मोदी पर हंगामा किया था। कभी कांग्रेस अदाणी-मोदी के बैग लेकर आते हैं, कभी उनकी तस्वीरों के कपड़े पहनते हैं। कभी वे मास्क लगाकर अदाणी मोदी बनकर इंटरव्यू करते हैं।



किन मुद्दों पर हो रहा संसद में बवाल?
भारतीय जनता पार्टी (BJP) जॉर्ज सोरोस और सोनिया गांधी के लिंक को लेकर कांग्रेस पर सवाल उठा रही है। बीजेपी का कहना है कि सोनिया गांधी देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं। कांग्रेस पार्टी का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गौतम अदाणी का बचाव कर रहे हैं। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने बीजेपी एमपी निशिकांत दुबे के सोनिया गांधी पर लगे आरोपों पर कहा है कि यह अपमानजनक बयान है। उन्होंने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को इस मामले पर पत्र भी लिखा है।