शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक चुनी गई रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री होंगी। गुरुवार 20 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में रेखा गुप्ता रामलीला मैदान में सीएम पद की शपथ ग्रहण करेंगी। बता दें कि दिल्ली में 26 साल बाद भारतीय जनता पार्टी सरकार बना रही है।

 

शपथ ग्रहण समारोह में सभी राज्यों के सीएम व डिप्टी सीएम समेत 50 लोग शामिल हो सकते हैं। ऐसे में दिल्ली की सीएम शपथ ग्रहण करने से पहले ही रेखा गुप्ता एक्शन मोड में आ गई हैं। उन्होंने पहले ही साफ कर दिया कि वह केजरीवाल के 'शीशमहल' में नहीं रहेंगी। शपथ ग्रहण से पहले रेखा गुप्ता से पूछा गया कि वह शीशमहल में रहेंगी? इसपर उन्होंने कहा 'नहीं, मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी?' उन्होंने कहा कि 'शीशमहल' को म्यूजियम बनाया जाएगा।

 

शीशमहल रहा राजनीति मुद्दा

बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान शीशमहल एक राजनीति मुद्दा बना हुआ था। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जिस बंगले में रहते थे उसे भाजपा ने 'शीशमहल' कहती है। केजरीवाल पर आरोप है कि उन्होंने बतौर मुख्यमंत्री इस आवास के रेनोवेशन पर करोड़ों रुपये खर्च किए थे। 

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली से देश की महिलाओं को साधने की कोशिश, क्या है BJP का प्लान?

'जनता के खून पसीने की कमाई का महल है'

एक मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू में रेखा गुप्ता ने कहा, 'हम शीशमहल को एक म्यूजियम बनाएंगे। हम उन वादों को भी पूरा करेंगे जो पीएम मोदी ने किए हैं। इस पद के लिए मुझे चुनने के लिए मैं आभार प्रकट करती हूं।' एक अन्य मीडिया से बातचीत के दौरान जब रेखा गुप्ता से यह पूछा गया कि क्या वह शीशमहल में रहेंगी, तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, 'बिल्कुल नहीं। जनता के खून पसीने की कमाई का महल है। मैं इसे जनता को समर्पित करूंगी। जनता जाए और उसे देखे। जनता को एहसास होगा कि उनका पैसा कहां खर्च हुआ।'

 

दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता का प्लान

शपथ ग्रहण करने से पहले ही रेखा गुप्ता ने पार्टी द्वारा महिलाओं के लिए किए गए वादे को पूरा करने का ऐलान किया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा सरकार महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता का वादा पूरा करेगी। मासिक सहायता की पहली किस्त 8 मार्च तक पात्र महिलाओं के खातों में जमा कर दी जाएगी। चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा ने अपने घोषणापत्र में महिलाओं के लिए यह वादा किया था। बता दें कि आम आदमी पार्टी (आप) ने सत्ता में आने पर महिलाओं के लिए 2,100 रुपये मासिक सहायता की घोषणा की थी। वहीं, भाजपा ने अपने घोषणापत्र में 2,500 रुपए मासिक सहायता का वादा किया था। 

 

यह भी पढ़ें: क्या केजरीवाल को काउंटर करने के लिए BJP ने रेखा गुप्ता को बनाया CM?

 

बुधवार को भाजपा विधायक दल की नेता चुनी गईं गुप्ता ने इस बात पर जोर दिया कि अपने वादों को पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपने को साकार करना राष्ट्रीय राजधानी के सभी 48 भाजपा विधायकों की जिम्मेदारी है। हम महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता सहित अपने सभी वादों को निश्चित रूप से पूरा करेंगे। महिलाओं को आठ मार्च तक उनके खातों में रकम निश्चित ही पहुंचा दी जाएगी।’