उत्तर प्रदेश के संभल में जामा मस्जिद के सर्वे के बाद भड़की हिंसा के बाद अब प्रतिबंधों में धीरे-धीरे ढील दी जा रही है। मंगलवार सुबह तक हालात सामान्य नजर आ रहे हैं। कई स्कूलों को फिर से खोल दिया गया है, वहीं अब दुकानें भी खोली जा रही हैं। संभल में इंटरनेट पर लगाई गई पाबंदी अभी जारी है।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस अभी घटनास्थल पर मौजूद है, वहीं संवेदनशील जगहों पर अभी रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की तैनाती की गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात हैं और ड्रोन से भी कुछ जगहों की निगरानी की जा रही है।

जहां भड़की है हिंसा वहां कैसे हैं हालात?
पुलिस ने 30 नवंबर तक बाहरी लोगों की संभल में एंट्री पर रोक लगाई है। संभल में 30 नवंबर तक राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि में नहीं दाखिल हो सकते हैं। जिले के ज्यादातर हिस्सों में अब शांति है। शाही जामा मस्जिद वाले इलाके में पुलिस बलों की तैनाती है। यहीं से हिंसा भड़की थी। यह इलाका अभी संवेदनशील बना हुआ है। पुलिस यहां आने-जाने वाले लोगों से सवाल कर रही है।

संभल में क्यों भड़की थी हिंसा?
संभल की अदालत में जामा मस्जिद को लेकर एक याचिका दायर हुई थी। याचिका में कहा गया था कि जामा मस्जिद, मंदिर की जगह बनाई गई है। कोर्ट ने सर्वे का आदेश दिया। सर्वे करने जब प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, 19 नवंबर को हिंसा भड़क गई।

हिंसा भड़कने की वजह क्या है?
याचिकाकर्ता ने दावा किया था कि संभल की ये मस्जिद, हरिहर मंदिर है। रविवार को बड़ी संख्या में लोग एकजुट हुए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। लोगों ने नारे लगाने शुरू कर दिए। सर्वे टीम ने जैसे ही काम करना शुरू दिया, लोग जमा हो गए और हिंसा पर उतारू हो गए। लोगों ने पुलिस पर पथराव किया, गाड़ियों में आग लगा दी।

अब सामान्य हो रहे हैं हालात
संभल पुलिस के मुताबिक इस दंगे में अब तक 4 लोग मारे गए हैं। कई लोग हिंसा में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिसकर्मियों की गाड़ियां जला दी गईं। पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं। हिंसा पर मजिस्ट्रेट जांच बिठाई गई है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने सोमवार को कहा है कि अब स्थितियां नियंत्रण में हैं। जो लोग भी हिंसा के लिए जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। 

CCTV फुटेज खंगाल रही है पुलिस 
पुलिस ड्रोन फुटेज को खंगाल रही है। उपद्रवियों की तलाश की जा रही है। कुछ वीडियो और तस्वीरें भी वायरल हुई हैं, जिनके आधार पर पुलिस लोगों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने अब तक 25 लोगों को गिरफ्तार किया है, 7 FIR दर्ज हुई है।  समाजवादी पार्टी से सांसद जिया-उर्र-रहमान बर्क और सोहैल इकबाल का भी नाम सामने आया है। सोहैल, इकबाल महमूद के बेटे हैं। इनके अलावा 2750 अन्य अज्ञात लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं।