मायानगरी मुंबई में एक सिरफिरे शख्स ने 17 नाबालिग समेत कुल 19 बच्चों को बंधक बना लिया। मामले की जानकारी मिलने पर पहुंची मुंबई पुलिस ने सूझबूझ के साथ सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस बीच खबर आ रही है कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने आरोपी शख्स को मार गिराया है। उसकी पहचान रोहित आर्या के तौर पर हुई। बच्चों को बंधक बनाने के बाद आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया था।
बच्चों को बंधक बनाने का मामला मुंबई के पवई इलाके में आरए स्टूडियो का है। करीब एक घंटे तक बच्चों की परिजनों की सांसें अटकी रहीं। संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) सत्यनारायण ने बताया कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं। उन्हें उनके माता-पिता को सौंप दिया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी रोहित आर्या ने 15 साल तक के बच्चों को एक वेब सीरीज के ऑडिशन में बुलाया था। बाद में उसने सभी बच्चों को इमारत पर ही बंधक बना लिया। उसके पास कुछ रसायन के अलावा एक एयर गन थी।
पुलिस उपायुक्त दत्ता नलावडे के मुताबिक गुरुवार दोपहर करीब 1:45 बजे आरए स्टूडियो में कुछ बच्चों को बंधक बनाए जाने की सूचना मिली। तुरंत ही पवई थाने की पुलिस, त्वरित प्रतिक्रिया दल, बम निरोधक दस्ते और दमकल विभाग की एक टीम मौके पहुंची।
यह भी पढ़ें: 'कट्टा, क्रूरता, कटुता...' कांग्रेस-RJD को 'शब्दों' पर घेर रहे पीएम मोदी
वीडियो में आरोपी ने आग लगाने की धमकी दी
बच्चों को बंधक बनाने से पहले आरोपी रोहित आर्या ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया। इसमें उसने कहा कि पूरी योजना के साथ बच्चों को बंधक बनाया है। मुझे कुछ नहीं चाहिए। पैसा तो बिल्कुल नहीं चाहिए। हमारी कुछ साधारण मांग हैं। कुछ लोगों से बात करना है। उनसे कुछ सवाल हैं। आगे उसने धमकी दी कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो वह स्टूडियो में आग लगा देगा।
बाथरूम के रास्ते अंदर घुसी पुलिस टीम
मुंबई पुलिस के मुताबिक जवानों ने आरोपी से बातचीत करने का प्रयास किया। मगर बात नहीं बनी। इसके बाद एक टीम बाथरूम के रास्ते अंदर दाखिल हुई। इमारत के अंदर मौजूद एक अन्य शख्स की मदद से आरोपी को पकड़ा गया। इसके बाद 17 बच्चों, एक बुजुर्ग और पुलिस की मदद करने वाले व्यक्ति को बचा लिया गया।
यूट्यूब चैनल चलाता है आरोपी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रोहित आर्या स्टूडियो में काम करने के अलावा यूट्यूब चैनल चलाता है। पिछले कुछ दिनों से वह ऑडिशन ले रहा था। गुरुवार को भी करीब 100 बच्चे ऑडिशन देने आरए स्टूडियो पहुंचे। ऑडिशन के बाद उसने करीब 80 बच्चों को जाने दिया, लेकिन 20 बच्चों को दिनदहाड़े स्टूडियो के अंदर ही बंधक बना लिया।
यह भी पढ़ें: टैरिफ घटा, कारोबार बढ़ेगा; ट्रंप-जिनपिंग की '100 मिनट की मीटिंग' की कहानी
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?
घटनास्थल पर मौजूद दिनेश गोस्वामी ने बताया कि आरोपी पिछले तीन दिनों से ऑडिशन ले रहा था। उसने इसे तीन दिन और बढ़ा दिया था। अचानक एक संदेश मिला कि उसने 17 बच्चों को बंधक बना लिया है। जब बच्चे दोपहर को लंच पर नहीं आए तो अभिभावकों में घबराहट पैदा हुई। किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने पर बच्चों को बंधक बनाने का पता चला। मुंबई पुलिस की एक टीम अंदर गई और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। दिनेश से आरोपी के खिलाफ सख्त सजा की मांग की।
