देशभर में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। देश के कई राज्यों में आंधी, तूफान और बारिश ने कहर मचा रखा है। कई राज्यों से तो डरा देने वाली तस्वीरें सामने आई। उत्तर प्रदेश में एक जगह तो आदमी कई फीट ऊंचाई पर हवा में उड़ता हुआ दिखाई दिया। तूफान के कारण अलग-अलग हादसों में कई लोगों की मौत भी हो गई। आज भी कई राज्यों में तूफान का अलर्ट है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में लू का अलर्ट भी जारी कर दिया है। मौसम विभाग की और से मौसम चेतावनी जारी की गई है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही के बीच कल धूप ने परेशान किया। रिपोर्ट्स के अनुसार, कल दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और कई इलाकों में तो लोगों का गर्मी से बुरा हाल हो गया था। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अगले कुछ घंटे तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। दिल्ली में अब बारिश की संभावना नहीं है जिससे लोगों को गर्मी से परेशान होना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु चुनाव में विदेशियों ने भी डाल दिए वोट? समझिए गिरफ्तारी की वजह
उत्तर प्रदेश का मौसम
देश के सबसे बड़े आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की बात करें तो उत्तर प्रदेश में कल तबाही देखने को मिली। आंधी-तूफान और बारिश से मौसम बदल गया। हालांकि, अब धीरे-धीरे मौसम में बदलाव आ रहा है और गर्मी का कहर शुरू होने वाला है। आज उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गर्मी से लोग परेशान रहेंगे और मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है।
बिहार में लू का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के पड़ोसी राज्य बिहार में भी मौसम रंग बदलता नजर आएगा। मौसम विभाग के अनुसार, आज बिहार में गर्मी का कहर देखने को मिलेगा। पटना समेत कई शहों में तेज धूप के कारण तापमान 40 डिग्री के पार भी जाने की संभावना है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने जल्द ही लू का अलर्ट जारी कर सकता है और आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा बढ़ने के संकेत दिए हैं।
इन राज्यों में लू का अलर्ट
आज देश के कई राज्यों में गर्मी लोगों को परेशान करेगी। मौसम विभाग ने कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी करते हुए मौसम चेतावनी जारी की है और लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा है। जिन राज्यों में आज लू का अलर्ट जारी किया गया है उनमें राजस्थान, गुजरात, सौराष्ट्र्, कच्छ रीजन, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र का विदर्भ रीजन, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा शामिल है। इन राज्यों में आज गर्मी का कहर देखने को मिलेगा।
पूर्वोत्तर में बारिश
पूर्वोत्तर भारत में लगातार मौसम में बदलाव के कारण लू और गर्मी का असर दिखाई नहीं दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कई दिनों तक असम, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का मानना है कि यह प्री मानसून का बड़ा संकेत है।
यह भी पढ़ें: देश में दोषी कैदियों में ओडिशा आगे, विचाराधीन मामलों में टॉप पर है मध्य प्रदेश
दक्षिण में कैसा है मौसम?
दक्षिण भारत में आज मिला-जुला मौसम रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इस वीकेंड तक अंडमान निकोबार और द्वीप समूह, तमिलनाडु, लक्ष्यद्वीप, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना के तटीय भागों पर तूफानी हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। आज केरल, कर्नाटक में भारी बारिश और बिजली कड़कने की संभावना जताई गई है।
