नए साल 2026 की शुरुआत होते ही मौसम ने उत्तर और मध्य भारत में अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और बदलते तापमान के बीच लोगों को एक बार फिर सर्दी से जूझना पड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान ने साफ कर दिया है कि फिलहाल ठंड से पूरी राहत मिलने वाली नहीं है। भले ही अगले एक-दो दिन तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिले लेकिन इसके बाद मौसम का मिजाज फिर सख्त होगा और ठंड दोबारा जोर पकड़ेगी। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना ने आम जनजीवन के साथ-साथ यात्रा और आवागमन को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में कोहरे और शीतलहर की चेतावनी के बीच नए साल की शुरुआत लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण बनती नजर आ रही है।

 

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में करीब 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे ठंड में हल्की कमी महसूस होगी। हालांकि, इसके बाद हालात फिर बदलेंगे और अगले तीन दिनों में तापमान दोबारा 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। मध्य भारत में भी यही स्थिति देखने को मिलेगी, जहां पहले तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ेगा और फिर नीचे जाएगा। पूर्वी भारत में भी इसी तरह का मौसम का मिजाज बना रहेगा।

 

यह भी पढ़ें:  नए साल से पहले कार में मिला 150 किलो विस्फोटक, मकसद क्या था?

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली  में शीतलहर की चेतावनी

इस बीच कोहरा और शीतलहर लोगों की परेशानी बढ़ाने वाले हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 5 जनवरी तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 2 जनवरी तक कोहरे का असर रहेगा, जबकि पश्चिमी राजस्थान में 3 जनवरी तक घना कोहरा बने रहने की संभावना है। इसके अलावा 3 से 5 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ इलाकों में शीतलहर चल सकती है। राजस्थान में 5 और 6 जनवरी को ठंड और तेज होने के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश में भी 2 से 4 जनवरी के बीच शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है।

पहाड़ों में हो सकती है भारी बर्फबारी

पहाड़ी इलाकों में मौसम और भी ज्यादा सख्त हो सकता है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में 1 जनवरी को भारी बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 2 जनवरी तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। नए साल का जश्न मनाने पहाड़ों पर पहुंचे सैलानियों के लिए यह मौसम रोमांचक होने के साथ-साथ चुनौतीपूर्ण भी हो सकता है।

 

यह भी पढ़ें:  Happy New Year 2026: इधर सूरज डूबा, उधर आ गया नया साल, कई देशों में जश्न शुरू

इन राज्यों में हो सकती है बारिश

मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1 जनवरी को हल्की बारिश होने के आसार हैं। बारिश के बाद ठंड और ज्यादा बढ़ सकती है। दक्षिण भारत में भी मौसम सक्रिय रहेगा। तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में तेज हवाओं के साथ बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

 

दिल्ली-एनसीआर में नए साल के पहले दिन सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिला, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जैसे ही पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ेगा, उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं तेज होंगी। इससे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में ठिठुरन बढ़ेगी। 3 और 4 जनवरी के बाद यही ठंडी हवाएं बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच सकती हैं, जहां शीतलहर की स्थिति बन सकती है।