इस साल मार्च के महीने में ही इतनी ज्यादा गर्मी बढ़ गई है कि लोगों को चिंता होने लगी है। अगर मार्च में तापमान 40 डिग्री को छू रहा है तो जून के महीने में क्या होगा? मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, आज 11 मार्च से लेकर अगले दो दिनों के अंदर गुजरात, राजस्थान, यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र में तापमान बढ़ेगा जिससे गर्मी बढ़ेगी। कुछ राज्यों में तो लू का अलर्ट भी जारी कर दिया गया है लेकिन 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है,जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है। 

 

 मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक राजधानी में हल्के बादल छाए रहेंगे। तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। बीते कुछ दिनों से दिल्ली वाले गर्मी से परेशान हैं। मार्च के महीने में ही लोगों को एसी, कूलर और पंखों का सहारा लेना पड़ रहा है। अब अगले दो दिन तक दिल्ली वालों को हल्की राहत मिल सकती है क्योंकि बादलों की वजह से दिन के तापमान में थोड़ी कमी महसूस हो सकती है, लेकिन सुबह और शाम का मौसम सामान्य रहने की संभावना है। आज कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है, हालांकि भारी बारिश की संभावना नहीं है।

 

यह भी पढ़ें: एशिया की टॉप-50 यूनिवर्सिटियों से IIT बाहर, QS रैंकिंग ने खोली पोल

 

आज का मौसम

इन राज्यों में होगी बारिश 

मौसम विभाग के अनुसार,आने वाले एक हफ्ते के अंदर देश के 14 राज्यों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश की संभावना जताई है। पश्चिम विक्षोभ के एक्टिव होने से यह संभावना बन रही है। बारिश के साथ-साथ मौसम विभाग ने तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के साथ-साथ  30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

हिमाचल और कश्मीर में बर्फबारी

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में आज से 16 मार्च चक छिटपुट से लेकर भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान 10 से 12 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में गरज-चमक, तेज हवाएं और ओले गिरने की संभावना भी है। आज जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। 

तापमान बढ़ा

इस साल मार्च के महीने में ही गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है। मौसम विभाग ने भी इस बात को बताया है कि तापमान सामान्य से ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों, गुजरात और मध्य प्रदेश में तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहने का अनुमान है। बढ़ते तापमान के कारण गुजरात और महाराष्ट्र में तो मौसम विभाग ने लू का अलर्ट भी जारी कर दिया है। 

 

यह भी पढ़ें: क्या PM नरेंद्र मोदी की छवि को हो रहा नुकसान? ऑपरेशन सिंदूर से अमेरिकी डील तक

दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम?

दक्षिण भारत के ज्यादातर राज्यों में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है। दक्षिण भारत के राज्यों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। कर्नाटर, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में सामान्य से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया है। इसके साथ ही केरल के तटीय इलाकों में उमस महसूस हो सकती है।