आज जून महीने का आखिरी दिन है और देश के कई राज्यों में अभी भी बारिश का इंतजार जारी है। गर्मी के कारण लोग बेहाल हैं। हालांकि, अब यह इंतजार खत्म होने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में बारिश, आंधी और गरज-चमक को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार, आज दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार तक मौसम बदलने वाला है। गर्मी और उमस से परेशान लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, 30 जून को देश के कई हिस्सों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने आज करीब 21 राज्यों में आंधी-बारिश की संभावना जताई है। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है और साथ में बिजली गिरने की भी संभावना है। वहीं कुछ जगहों पर भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वोत्तर के राज्यों में और तटीय राज्यों में बारिश के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।
यह भी पढ़ें: किस आधार पर आधी सीटें मांग रही कांग्रेस? यूपी में पिछला रिकॉर्ड क्या है?
दिल्ली में होगी बारिश?
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा रखी है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 30 जून को आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। बारिश होने से तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि, बारिश के बावजूद दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है।
यूपी में बारिश का अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में भी मौसम विभाग ने बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अब तक गर्मी का कहर जारी था लेकिन अब बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, मथुरा, आगरा, गोंडा, सुल्तानपुर, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, महोबा, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है। इस बारिश से यूपी के लोगों को कई दिनों से जारी भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। बारिश के साथ कुछ जगहों पर तेज हवाएं और गरज-चमक भी हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को मौसम की जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी है।
बिहार में भी बदलेगा मौसम
उत्तर प्रदेश से सटे बिहार में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पटना, नवादा, गया, औरंगाबाद, सिवान, भोजपुर, बक्सर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, भागलपुर और मुंगेर जैसे इलाकों में बारिश हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश
मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों में भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड के नैनीताल, पिथौरागढ़, चमोली, हरिद्वार, बागेश्वर, ऋषिकेश,अल्मोड़ा और रुद्रप्रयाग में भारी बारिश के साथ-साथ तूफान का भी अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटों के बीच उत्तराखंड में मॉनसून की एंट्री हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। आज मौसम विभाग ने सिरमौर, कुल्लू,कांगड़ा, ऊना, बिलासपुर, किन्नौर, सोलन, हमीरपुर और शिमला में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें: आखिरी वक्त का बदलाव करा रहा नुकसान, पंजाब, UP में वही गलती दोहरा रही कांग्रेस?
अन्य राज्यों का हाल
अन्य राज्यों की बात करें तो हरियाणा में आज गर्मी की मार देखने को मिलेगी। मौसम विभाग ने हरियाणा में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में भी कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। जयपुर, अलवर, कोटा, भरतपुर, अजमेर और जोधपुर समेत कई जिलों में मौसम बदल सकता है। वहीं मध्य प्रदेश में भी कुछ जगहों पर बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वोत्तर भारत में बारिश के कारण भयंकर तबाही देखनी को मिली है। बारिश अभी भी नहीं थम रही है। मौसम विभाग ने असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा दक्षिण भारत के गोवा, महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक और केरल में भी भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।


