दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश सहित कुछ राज्यों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने हल्की आंधी और बारिश का अनुमान जताया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को मौसम सुहाना रहा, ठंडी हवाएं चलीं और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हुई है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि हल्की बारिश की वजह से तापमान में गिरावट देखेने को मिलेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, यह मौसम के औसत से 1.4 डिग्री ज्यादा है। दिल्ली में मंगलवार को हल्के बादल छाए रह सकते हैं, बुधवार तक बारिश हो सकती है। गुरुवार और शुक्रवार को गरज तड़क के बारिश भी हो सकती है।
दिन में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मंगलवार और शुक्रवार-शनिवार के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। दिल्ली-एनसीआर में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
यह भी पढ़ें: खेती-किसानी, सेहत से GDP तक, हीटवेव के नुकसान क्या-क्या हैं?
तापमान में आएगी 1 से 2 डिग्री की गिरावट
उत्तर भारत में बीते कुछ दिनों से आसमान साफ है, तेज गर्मी पड़ रही है, जिसकी वजह से रात में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक रात में बादल छाए और नम भरी पूर्वी हवाओं के चलने की वजह से 1 से 2 डिग्री तक तापमान में गिरावट आ सकती है।
मंगलवार से बदलेगा मौसम
मंगलवार को राहत मिलने की संभावना है, तथा छिटपुट बूंदाबांदी और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है, जिससे ठंडक का माहौल बनेगा। सोमवार को न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम है। दिन में सापेक्षिक आर्द्रता 43 प्रतिशत से 32 प्रतिशत के बीच रही। अधिकतम और न्यूनतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: सुबह की पॉटी से लेकर रात को सोने तक; कैसे पृथ्वी की सेहत बिगाड़ रहे हम
कहां, कैसा रहेगा मौसम?
पूर्वी और मध्य भारत में 2 मई तक गरज-तड़क, बिजली, ओलावृष्टि के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। असम, नगालैंड, मेघालय और त्रिपुरा जैसे राज्यों में बारिश होगी। ओडिशा में भी बारिश के आसार हैं। यूपी, दिल्ली और हरियाणा में भी हल्की बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में भी मौसम ठीक हो सकता है।