दिल्ली-NCR में मौसम रोजाना करवट ले रही है। कभी घना कोहरा तो कभी बारिश की वजह से कपकपाती ठंड लोगों को परेशान कर रही है। बात करें आज की तो दिल्ली में सुबह से ही कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग ने कहा कि जनवरी तक दिल्ली में बारिश की संभावना बनी रहेगी। कई इलाकों में सुबह-सुबह हल्का कोहरा बना हुआ है जिसकी वजह से लोगों को यात्रा करने में परेशानी हो सकती है। 

 

आज कैसा रहेगा मौसम?

आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 18 डिग्री रह सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को दिल्ली में घना कोहरा छाया रह सकता है जिससे न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक पहुंच सकता है। 22 और 23 जनवरी को बारिश और आंधी आ सकती है। अधिकत्तर बारिश शाम और रात के समय हो सकती है। 

 

21 से 23 जनवरी के बीच दिल्ली में होगी बारिश

स्काईमेट के अनुसार, दिल्ली-NCR में आज घना कोहरा बने रहने की संभावना है। 9 बजे के बाद विजिबिलिटी में भी सुधार होगा। अगले हफ्ते यानी 21 से 23 जनवरी तक बारिश लोगों को परेशान कर सकती है। इस दौरान तापमान में भी बदलाव होगा। 

 

पहाड़ी इलाकों में कैसा हाल?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि 18 जनवरी से खासकर पहाड़ी राज्यों में बारिश बढ़ने की उम्मीद है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी हो रही है। IMD ने उत्तर भारत के लिए भविष्यवाणी की है की आने वाले दिनों में 2 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिर सकता है। IMD के मुताबिक, 21-22 जनवरी के आसपास जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली में 4 दिन इन रास्तों पर जाने से बचें, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

उत्तर प्रदेश और बिहार का मौसम

बात करें उत्तर प्रदेश की तो यहां अगले कुछ दिन मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने यूपी के 20 जिलों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है। वहीं 43 जिलों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। यूपी में 20 से 24 जनवरी के बीच कहीं-कहीं पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। इसके अलावा बिहार के ज्यादातर जिलों में शनिवार और रविवार को कोहरा छाए रहने की संभावना है।

 

पंजाब-हरियाणा में भी बारिश के आसार

हरियाणा को लेकर मौसम विभाग ने घने से बहुत घने कोहरे का अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग के अनुसार गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, समेत कई शहरों में घने कोहरा जारी रहेगा। पहाड़ों से सटे होने के कारण पंजाब में भी शीतलहर का अलर्ट जारी है। शनिवार (18 जनवरी) को लेकर IMD ने अबोहर, लुधियाना, बठिंडा, होशियारपुर, पठानकोट समेत कई जिलों के लिए शीतलहर की आशंका जाहिर की है।