पहाड़ों से लेकर मैदानों तक देशभर में बारिश का दौर जारी है। कई राज्यों में बारिश के कारण जलभराव और बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। हिमाचल में मानसून की शुरुआत से लगातार तबाही जारी है। इतना ही नहीं दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में भारी बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, राजस्थान और झारखंड, हिमाचल, पश्चिम बंगाल में बारिश हो सकती है।
राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार सुबह भी दिल्ली के कई इलाकों में बारिश हुई। दिल्ली के लोगों को बारिश के कारण उमस और गर्मी से तो राहत मिल गई लेकिन कई जगह सड़कों पर पानी भरने से लोगों की समस्याएं बढ़ गई हैं। गुरुवार को राजधानी दिल्ली में करीब 8 घंटे लातार बारिश दर्ज की गई थी। मौसम विभाग ने कहा है कि 1 से 3 अगस्त तक बारिश जारी रहेगी। अधिकतम तापमान करीब 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री के आसपास रहेगा।
यह भी पढ़ें: जग्गू भगवानपुरिया ने बेटे को जान से मारने की धमकी दी: सुखजिंदर रंधावा
हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर में अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में हालात गंभीर बने हुए हैं। यहां आसमान से आफत बरस रही है। अब तक राज्य में बारिश के कारण 170 लोगों की मौत हो चुकी है और 289 सड़कें बंद हो गई हैं। लैंडस्लाइड और लगातार हो रही बारिश से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हिमाचल के लोगों को 5 अगस्त तक लगातार बारिश का सामना करना पड़ेगा।
उत्तराखंड में भी बारिश और लैंडस्लाइड से लोग परेशान हैं। लैंडस्लाइड के चलते केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है। रुद्रप्रयाग जिले से गौरीकुंड और मुनकटिया के बीच रास्ता बंद हो गया है जिससे श्रद्धालु फंस गए हैं। देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर में भी 1 से 5 अगस्त के बीच अलग-अलग जगहों पर बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी-बिहार में होगी बारिश
बिहार के कई जिलों में लगातार भारी बारिश जारी है। उत्तर बिहार के इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है जिससे बाढ़ का खतरा बना हुआ है। लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार से पांच दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आज पटना समेत नालंदा, बेगूसराय, जहानाबाद, शेखपुरा, गयाजी, नवादा, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ और औरंगाबाद में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढे़ें: 2 आधार कार्ड के साथ गिरफ्तार बांग्लादेशी हिरोइन शांता पॉल हैं कौन?
उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां भी बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। उत्तर प्रदेश में 6 अगस्त तक कई जगहों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, आज पश्चिमी यूपी के कई जिलों और पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है लेकिन भारी बारिश की संभावना नहीं है।
अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
पंजाब और हरियाणा में मध्यम बारिश के साथ-साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। हरियाणा में कई इलाकों में जलभराव हो गया है जिससे हालात बिगड़ते जा रहे हैं। हरियाणा के अलावा राजस्थान में भी भारी बारिश के चलते जगह-जगह पानी भर गया है। बारिश का दौर आज भी जारी रह सकता है जिससे लोगों कि मुश्किलें और भी बढ़ जाएंगी।
यह भी पढ़ें: देश को मिलेंगे 4 नए रेल नेटवर्क, सरकार ने 6 राज्यों के लिए खोला पिटारा
मध्य प्रदेश में बारिश थोड़ी रुक गई है लेकिन हालात ठीक नहीं हैं। मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ओडिशा और महाराष्ट्र में आज मौसम राहत भरा हो सकता है।