देश के अलग-अलग राज्यों में लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते कई तराई वाले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। आज यानी 17 अगस्त को दिल्ली और एनसीआर के इलाकों समेत पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का येलो अलर्ट जारी है। पहाड़ी राज्यों के उत्तराखंड और हिमाचल के लिए आज का दिन मुश्किल हो सकता है। कई जगहों पर बादल फटने और लैंडस्लाइड का अलर्ट है। कल देश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले शहर मुंबई की रफ्तार बारिश के कारण कम हो गई थी और शहर में आज भी अलर्ट है।
बता दें कि मुंबई के वसई विरार में लगातार हो रही बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारी बारिश के चलते वसई विरार और नालासोपारा के निचले इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिली। स्टेशन रोड, तुलिंज रोड, सेंट्रल पार्क, नगीनदास पाड़ा, अचोले रोड, गाला नगर, संकेश्वर नगर, नालासोपारा के बस डिपो क्षेत्र, विवा कॉलेज क्षेत्र, वसई एवरशाइन रोड की सड़कों पर पानी जमा होने लगा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई और आसपास के इलाकों में फिर से तेज बारिश का पूर्वानुमान जताया है। आज भी मुंबई वालों को बारिश से परेशान होना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें: भारत क्यों नहीं बना पा रहा खुद का व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम?
हिमाचल उत्तराखंड में अलर्ट
हिमाचल और उत्तराखंड दोनों पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बारिश आफत बन गई है। बारिश के कारण कई जगह लैंडस्लाइड की घटनाएं हुई हैं, जिससे कई सड़कें बंद हो गई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले की कुछ इलाकों में भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। जबकि उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और नैनीताल जनपद में कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अन्य जिलों में भी तेज दौर की बारिश हो सकती है। 20 अगस्त तक राज्य के लोगों को इस आसमानी आफत का सामना करना पड़ सकता है।
हिमाचल प्रदेश में तो मानसून अपने साथ मानो तबाही लेकर ही आया हो। इस सीजन की पहली बारिश के साथ ही हिमाचल में तबाही शुरू हो गई थी। इस साल कई लोगों ने अपनी जान गंवाई और करोड़ों का नुकसान राज्य को हो गया है। आज भी हिमाचल में अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग ने लैंडस्लाइड और बादल फटने की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने 17 अगस्त तक राज्य में लगातार बारिश की संभावना जताते हुए चंबा, कांगड़ा और मंडी में आज भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर में येलो अलर्ट जारी किया है। आज ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और शिमला में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा।
यह भी पढ़ें: दिल्ली ही नहीं हरियाणा-पंजाब वालों का भी टाइम बचाएगा UER-2, समझिए कैसे
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली एनसीआर में कल जनमाष्टमी के दिन कई इलाकों में बारिश देखने को मिली। आज भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। दिल्ली में आज हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान के अनुसार, आसमान में बादल रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
जम्मू-कश्मीर में कैसा रहेगा मौसम
जम्मू-कश्मीर में मौसम ने एक बार फिर से चिंता बढ़ा दी है। किश्तवाड़ में बादल फटने की तबाही के बाद अब आने वाले दिनों में कई जिलों में भारी बारिश का खतरा जताया गया है। मौसम विभाग ने आज के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई गई है। कुछ संवेदनशीन इलाकों में भारी बारिश और लैंडस्लाइड की चेतावनी जारी की गई है। प्रशासन ने लोगों से बिना किसी काम के घर से बाहर ना निकलने की अपील की है।
यूपी- बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में आज मौसम में कुछ सुस्ती के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 17, 18 और 19 तक बादलों की आवाजाही के बीच छिटपुट बारिश की संभावना है। कम बारिश होने और धूप के निकलने के कारण इन दिनों तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे गर्मी और उमस बेचैन परेशान कर सकती है। हालांकि, बारिश का दौर अभी खत्म नहीं होगा। 21 तक एक बार फिर मानसून तेजी पकड़ सकता है।
बिहार की बात करें तो बिहार में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 17 अगस्त को राज्य के 9 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। पटना, गया, वैशाली, दरभंगा, भागलपुर और हाजीपुर में बादल छाए रहेंगे और हल्की बौछारें पड़ सकती है। नदियों का जलस्तप बढ़ जाने के कारण बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
यह भी पढ़ें: अच्छी या खराब: दुनिया भर में कैसी बन रही भारत की छवि? देखें आंकड़े
अन्य राज्यों का हाल
राजस्थान में 17 अगस्त को पश्चिमी हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले कुछ दिन राजस्थान के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हरियाणा में भी लगातार बारिश दर्ज की जा रही है। हरियाणा के कैथल, पानीपत, अंबाला, यमुनानगर, करनाल और अंबाला में भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, त्रिपुरा और मेघालय में मानसूनी बादल बरसते रहेंगे, जिससे नदियों का जलस्तर बढ़ा रहेगा और लोगों को बाढ़ जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।
