पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने कहा कि मैंने गवर्नर के ऑफिस में काफी समय बिता लिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने नई दिल्ली में अपने पद से इस्तीफा दिया है। पूर्व डिप्टी एनएसए और तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि पश्चिम बंगाल के अगले राज्यपाल होंगे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सीवी आनंद बोस के इस्तीफे पर हैरानी जताई और बताया कि आरएन रवि अगले राज्यपाल होंगे।
यह भी पढ़ें: तुर्की के बाद अजरबैजान में दो जगह ड्रोन हमला, ईरान के साथ बढ़ा तनाव
ममता बनर्जी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'मुझे केंद्रीय गृह मंत्री से पता चला है कि आरएन रवि बंगाल के गवर्नर के तौर पर सीवी आनंद बोस की जगह लेंगे।'
इस्तीफे के बाद सीवी आनंद बोस ने कहा, 'हां, मैंने इस्तीफा दे दिया है। मैं साढ़े तीन साल से बंगाल का गवर्नर हूं। मेरे लिए यह काफी है।' बता दें कि 17 नवंबर 2022 को सीवी आनंद बोस को राज्यपाल बनाया गया था। वह करीब साढ़े तीन साल तक पद पर थे।
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने एक्स पर लिखा, 'पश्चिम बंगाल के गवर्नर सीवी आनंद बोस के इस्तीफे की अचानक आई खबर से मैं हैरान और बहुत परेशान हूं। उनके इस्तीफे के पीछे की वजह मुझे अभी पता नहीं हैं। हालांकि मौजूदा हालात को देखते हुए मुझे हैरानी नहीं होगी अगर आने वाले राज्य विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्यपाल पर केंद्रीय गृह मंत्री ने कुछ राजनीतिक फायदे के लिए दबाव डाला हो।'
यह भी पढ़ें: खत्म हो गईं ईरान की मिसाइलें? 6वें दिन थम गई हमलों की रफ्तार; दोहा में कई धमाके
उन्होंने आगे कहा, 'केंद्रीय गृह मंत्री ने अभी मुझे बताया कि आरएन रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल बनाया जा रहा है। उन्होंने इस बारे में तय रिवाज के मुताबिक मुझसे कभी सलाह नहीं ली। ऐसे काम भारत के संविधान की भावना को कमजोर करते हैं। हमारे संघीय ढांचे की बुनियाद पर हमला करते हैं। केंद्र को कोऑपरेटिव फेडरलिज्म के सिद्धांतों का सम्मान करना चाहिए। ऐसे एकतरफा फैसले लेने से बचना चाहिए, जो लोकतांत्रिक रिवाजों और राज्यों के सम्मान को कमजोर करते हैं।'
