जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षा बलों ने 'ऑपरेशन किया' लॉन्च किया है। उधमपुर के जंगलों में 20 घंटे से ज्यादा वक्त तक सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच भीषण गोलीबारी हुई है। जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकी इस ऑपरेशन में मारे गए हैं। मारे गए आतंकवादियों में से एक की पहचान जैश-ए-मोहम्मद के शीर्ष कमांडर अवु मविया के रूप में हुई है। वह बीते कई साल से इस इलाके में सक्रिय आतंकी था।

सेना के व्हाइट नाइट कोर ने इस ऑपरेशन की जानकारी सार्वजनिक की है। व्हाइट नाइट कोर के मुताबिक इस ऑपरेशन में काउंटर इंटेलिजेंस फोर्स डेल्टा और व्हाइट नाइट कोर के जवानों ने मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया है। आतंकियों के छिपे होने की जानकारी रविवार को पुख्ता हुई थी। 

यह भी पढ़ें: जब मर्द जाते हैं कमाने, तब औरतें उठाती हैं बंदूक, कश्मीर में कहां हो रहा ऐसा?

क्या है ऑपरेशन किया?

सेना ने इस अभियान को 'ऑपरेशन किया' का नाम दिया है। सुरक्षा बलों की पीर पांजाल की पहाड़ियों पर नजर है। जिस रास्ते घुसपैठ की कोशिश हुई है, वहां भी ड्रोन ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर वाली जगह को घेर लिया है, आतंकियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। 


व्हाइट नाइट कोर ने X पर लिखा, 'पुलिस से मिली पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर काउंटर इंटेलिजेंस फोर्स डेल्टा और व्हाइट नाइट कोर के जवानों ने पुलिस और CRPF के साथ मिलकर बसंतगढ़ के जाफर जंगल में एक संयुक्त आतंकवाद-रोधी अभियान चलाया। इस दौरान घेराबंदी को मजबूत किया गया ताकि आतंकवादी भाग न सकें। आतंकियों से सामना होने के बाद उन पर कड़ी नजर रखी गई। सही प्लान और संयुक्त कार्रवाई की वजह से दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया। इस अभियान में अलग-अलग एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और बेहतरीन पेशेवर क्षमता नजर आई है।'

 

यह भी पढ़ें: अटल बिहारी की 'इंसानियत, कश्मीरियत, जम्हूरियत' नीति, आज भी जरूरी क्यों है?

'ऑपरेशन किया' का अंजाम क्या?

ऑपरेशन किया में ढेर एक आतंकी की लाश एक गुफा के पास मिली है। दूसरे आतंकी की लाश गुफा के अंदर मिली। मारे गए आतंकियों के पास से M-4 कार्बाइन, AK-47, असॉल्ट राइफल और भारी मात्रा में हथियार, गोला और बारूद बरामद हुए हैं। आतंकी किसी बड़े मंसूबे को अंजाम देने वाले थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षा बलों ने ढेर कर दिया। 

यह भी पढ़ें: कभी पहलगाम, कभी दिल्ली, फिर कश्मीर से रूठ रहे पर्यटक

क्यों 20 घंटे लंबा खिंच गया एनकाउंटर?

उधमपुर के जिस इलाके में आतंकी छिपे थे, वह पीर पंजाल की पहाड़ियों में है। आतंकी एक गुफा में छिपे थे। आतंकियों ने गुफा में अपना सुरक्षित ठिकाना बना लिया था, भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद उन्होंने इकट्ठा किया था। जैश-ए-मोहम्मद के दोनों आतंकी ट्रेनिंग ले चुके हैं। मंगलवार शाम करीब 4 बजे रामनगर के जाफर के जंगली इलाके में सेना, पुलिस और CRPF के संयुक्त दस्ते ने गुफा के अंदर आतंकवादियों का पता लगा लिया।

आतंकी इस दौरान छिपे रहे। करीब 7.30 पर आतंकियों ने अंधेरा का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की, उन्होंने सुरक्षाबलों पर गोलियां दागीं, बम गोले फेंके। सेना ने घेराबंदी को और मजबूत करने के लिए पैराट्रूपर्स और डॉग स्क्वॉड सहित सेना की अतिरिक्त टुकड़ियों को मौके पर भेजा गया।

उधरमपुर में जांच करते सुरक्षा बल। Photo Credit: PTI

 

सेना ने बताया कि रात में गोलीबारी नहीं हुई। सुरक्षा बलों ने ड्रोन के जरिए गुफा के आसपास कड़ी निगरानी बनाए रखी। आतंकियों को सरेंडर का मौका दिया गया था, उन्होंने सरेंडर करने से मना किया, गोलीबारी जारी रखी। दोनों आतंकी ढेर हो गए।