उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की एक बर्थडे पार्टी में हिंदूवादी संगठनों ने जमकर तोड़फोड़ और मारपीट की है। यह पार्टी, एक कैफे में हो रही थी। नर्सिंग की एक छात्रा, जन्मदिन मनाने प्रेम नगर कैफे में पहुंची थी। पार्टी में छात्रा के क्लास में पढ़ने वाले 10 दोस्त जुटे थे। अचानक भगवा गमछा पहने कुछ लोग कैफे में घुस गए और टोकने पर कैफे में ग्राहकों के साथ मारपीट करने लगे। उनका कहना था कि यहां लव जिहाद का खेल चल रहा है।
उत्पात मचाने वाले लोग लव जिहाद के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे और लोगों को पकड़-पकड़कर पीट रहे थे। बरेली पुलिस ने कहा है कि घटना के मास्टरमाइंड ऋषभ ठाकुर और दीपक पाठक ने की है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। लड़कियां रोती-बिलखती नजर आ रहीं हैं। वायरल वीडियो में मारपीट करने आए लोग 'फैमिली को बुलाओ, फैमिली बोल रहे हैं।'
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दो नामजद लोगों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि लव जिहाद का कोई सबूत नहीं मिला है।
यह भी पढ़ें: कुलदीप सेंगर को सुप्रीम कोर्ट से झटका, हाई कोर्ट के फैसले पर लगाई रोक
ऋषभ ठाकुर और 20 से ज्यादा लोगों के खिलाफ केस दर्ज
ऋषभ ठाकुर और दीपक पाठक के अलावा बरेपी पुलिस ने 20 से ज्यादा लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। इस गुट पर अब आरोप लग रहे हैं कि ये लोग आए दिन प्रेमी जोड़ों को परेशान करते हैं और उत्पात मचाते हैं। संगठन के लोगों का कहना है कि वे हिंदुत्व की रक्षा करते हैं, इसलिए लोगों को मारते हैं।
केवलानंद गौड़, महासंयोजक, बंजरंग दल:-
मैं आपको सूचना देना चाहता हूं कि हमने ऋषभ ठाकुर को सभी दायित्वों से 14 तारीख को ही मुक्त कर दिया है। आने वाले समय में वह किसी भी गतिविधि में शामिल नहीं होता है तो हम नहीं जिम्मेदार हैं। उसे हटाने का कारण बहुत बड़ा नहीं है, बस जो व्यक्ति संगठन के अनुशासन के हिसाब से नहीं चल सकता है, उशे संगठन में नहीं रखा जा सकता है।
जिस लड़की के बर्थडे पर हंगामा हुआ, उसने क्या कहा?
'मैं दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी करने गई थी। हमारी बीच पार्टी में लोग आए और मारने लगे। मेरे दोस्तों का खून निकल गया। मेरे साथ बहुत बतमीजी की गई। दोस्तों के हाथ-पैर तोड़ दिए गए।'
यह भी पढ़ें: रेप, हत्या का दोषी, फिर भी कुलदीप सिंह सेंगर का साथ क्यों दे रहे हैं नेता?
कौन है ऋषभ ठाकुर?
ऋषभ ठाकुर खुद को हिंदुत्व का रक्षक बताता है। खुद को भारतीय जनता पार्टी का नेता प्रोजेक्ट करता है। ऋषभ ठाकुर की गुंडागर्दी के कई वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। ऋषभ ठाकुर पर बरेली में कई सार्वजिनक स्थलों पर उत्पात मचाने के आरोप हैं। ऋषभ ठाकुर ने गोरक्षा के नाम पर कई लोगों को परेशान किया है।
ऋषभ ठाकुर मौलाना अरशद मदनी के खिलाफ एक आपत्तिजनक वीडियो बना चुका है। उसने बरेली के एक सार्वजनिक शौचालय का वीडियो बनाकर उसमें बाबर और मौलाना अरशद मदनी के पोस्टर दिखाए और उसे सोशल मीडिया पर फैलाया था। साल 2023 में भी एक प्रेमी जोड़े को परेशान करता हुआ ऋषभ ठाकुर का एक वीडियो वायरल हुआ था। बरेली पुलिस ने अब उसके खिलाफ नामजद FIR दर्ज किया है।
