कांग्रेस से राज्यसभा सांसद अभिषेक मनु सिंघवी की सीट के पास संसद में नोटों का बंडल मिला है, जिस पर जमकर सियासत हो रही है। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने शुक्रवार को सदन में यह सूचना दी कि संसद में रूटीन चेकिंग के दौरान नोटों की गड्डी सीट नंबर 22 पर मिली है। यह सीट कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी के लिए तय की गई है। वे तेलंगाना से राज्यसभा सांसद हैं। केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सभापति से अपील की है कि इस घटना की जांच हो, जिससे सच बाहर आ सके।
सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा, 'सदन समाप्त होने के बाद गुरुवार को नोटों का बंडल 222 नंबर की सीट पर मिले हैं। यह सीट कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी की है। वे तेलंगाना से चुने गए हैं। मेरे संज्ञान में यह मामला लाया गया है। मैं इसकी जांच कराऊंगा। यह गंभीर विषय है, जांच जारी है।' जेपी नड्डा ने कहा, 'यह घटना सदन की गरिमा पर चोट है। सभापति महोदय मुझे आपकी रूलिंग पर भरोसा है, आप इस मुद्दे की छानबीन कराएंगे। यह बेहद गंभीर विषय है। इसने सदन की गरिमा को चोट पहुंचाई है।'
नोटों के बंडल को लेकर सदन में हंगामा हो गया। भारतीय जनता पार्टी के सासंद रवि किशन ने कहा कि यह मामला बेहद संगीन है कि सासंद की चेयर के पास नोटों की गड्डी मिल रही है। यह गंभीर विषय है कि जिसकी जांच होनी चाहिए। देश की सबसे बड़ी पंचायत में नोटों की गड्डी मिली है, यह हैरान करने वाला है। 150 से ज्यादा कैमरे हैं, यह पता चल ही जाएगा कि क्या मामला है। यह हल्का विषय नहीं है, इसकी जांच होनी चाहिए।
बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस को घेरा
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा, 'नोटों की गड्डियां कांग्रेस के नेताओं के पास क्यों हैं। भ्रष्टाचार का दरवाजा सीधे कांग्रेस के दरवाजे तक क्यों जाता है। जहां बैठते हैं, वहां भी नोटों की गड्डी मिलती है। सभापति ने इस मुद्दे की जांच के आदेश दिए हैं। यह साफ हो जाएगा कि कौन इसके पीछे जिम्मेदार है। घर में खोजो तो आलमारियों में 300 करोड़ तक मिल जा रहे हैं, जहां बैठते हैं, वहां नोटों की गड्डियां हैं, भ्रष्टाचार का तंत्र कांग्रेस के दरवाजे पर ही जाता है। मैं चाहता हूं कि इसका विश्लेषण हो।'
अभिषेक मनु सिंघवी ने क्या कहा?
कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, 'मैं हैरान हूं यह सुनकर। मैंने कभी इसके बारे में नहीं सुना। मैं सदन में कल 12.57 पर पहुंचा था। 1 बजे से लेकर 1.30 तक मैं वहां बैठा रहा फिर मैं अयोध्या प्रसाद के साथ कैंटीन में गया और लॉन्च किया। डेढ़ बजे दिन में मैं संसद से बाहर आ गया। मैं कुल सदन में सिर्फ 3 मिनट के लिए रहा हूं। कैंटीन में 30 मिनट रहा हूं।'
कांग्रेस नेता नेता कहा, 'यह अजीब है कि इसे राजनीतिक मुद्दा बनाया जा रहा है। जांच जरूर होनी चाहिए। कैसे लोग मेरी सीट पर आकर कुछ भी रख सकते हैं। हर किसी के पास एक सीट होनी चाहिए, जहां सीट हो, उसे लॉक करने की व्यवस्था हो। ऐसे तो कोई भी सीट पर चला जाएगा और कुछ भी रखकर आरोप लगाने लगेगा। अगर यह मुद्दा गंभीर नहीं है तो मजाकिया बन जाएगा। इसके तह तक जाने की जरूरत है। अगर सुरक्षा में कोई खामी है तो उसे भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए।'