देश के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में घने कोहरे का अनुमान जताया था लेकिन ज्यादातर राज्यों में शीतलहर की स्थिति नहीं बनी है। देश के मध्य, पूर्वी और उत्तरी राज्यों में 14 दिसंबर तक शीत लहर जारी रहने का अनुमान जताया गया था लेकिन अभी उस तरह का कोहरा सड़कों पर नजर नहीं आ रहा है। उत्तर प्रदेश में भी बहुत घना कोहरे का अनुमान मौसम विभाग ने जताया था लेकिन ऐसी स्थितियां नहीं बनीं। 

पूर्वी उत्तर प्रदेश में 12 से 14 दिसंबर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 12-13 दिसंबर तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया गया था। मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, असम-मेघालय और पूर्वोत्तर राज्यों में 12 से 16 दिसंबर तक घना कोहरा पड़ सकता है। 

यह भी पढ़ें: पायलट की कमी या नीयत में खोट? इंडिगो संकट की पूरी कहानी समझिए

क्यों सड़कों पर अभी तक नहीं छाया घना कोहरा?

12 दिसंबर तक दिल्ली में घना कोहरा नहीं देखा गया है। शाम के वक्त हल्की ठंड पड़ रही है लेकिन कड़ाके की सर्दी अभी दिल्ली से दूर है। मसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि लोधी रोड में बुधवार से गुरुवार सुबह तक अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 2.4 डिग्री ज्यादा है, जबकि न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 0.6 डिग्री ज्यादा है। 

दिल्ली-NCR में मौसम सामान्य से गर्म बना हुआ है और अगले एक सप्ताह तक ऐसा ही रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि सर्दी बढ़ने के लिए पश्चिमी विक्षोभ जरूरी है, जो उत्तर-पश्चिमी दिशा से ठंडी हवाएं लाते हैं। इस सीजन में अभी तक कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं आया है, इसलिए दिल्ली-NCR और आसपास के इलाकों में कोल्ड वेव या शीत लहर नहीं पड़ी है। 

 

यह भी पढ़ें: इंडिगो की उड़ानों में 10 प्रतिशत की कटौती का आदेश, इससे हासिल क्या होगा?

कब से बदल सकता है मौसम?

13 दिसंबर को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ आने की उम्मीद है, जो जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश ला सकता है। मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक, डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि अगले सप्ताह दिल्ली में रात का न्यूनतम तापमान 2-4 डिग्री बढ़ सकता है, जिससे मौसम में सर्दी बढ़ सकती है और न्यूनतम तापमान 9-10 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। 

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में तापमान 5 डिग्री से नीचे है। पश्चिम मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में कोल्ड वेव से गंभीर कोल्ड वेव की स्थिति है। पंजाब, विदर्भ, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना के कुछ इलाकों में भी कोल्ड वेव चल रही है। पिछले छह दिनों से इन क्षेत्रों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है, लेकिन दिल्ली-NCR को असली सर्दी के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है। 

दिल्ली और उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में 11 से 14 दिसंबर तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा। अधिकतम तापमान 23-25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7-12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 

देश में शीतलहर का हाल क्या है?

नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 से 16 दिसंबर तक सुबह के समय घना कोहरा रह सकता है। पिछले 24 घंटों में उत्तर प्रदेश, ओडिशा, हिमाचल और त्रिपुरा में जगह-जगह घना कोहरा देखा गया लेकिन दृश्यता 0 से 100 मीटर के बीच में रही। शीत लहर पश्चिम मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ और ओडिशा में पिछले 6 दिनों से जारी है।