बिहार में चुनावी साल को देखते हुए नीतीश कुमार की कैबिनेट का विस्तार हो सकता है। बताया जा रहा है कि बजट सत्र से पहले ही कैबिनेट विस्तार हो सकता है। बिहार विधानसभा का बजट सत्र 28 फरवरी से शुरू होगा। बताया जा रहा है कि कैबिनेट विस्तार में बीजेपी कोटे से नए चेहरे शामिल हो सकते हैं।


बताया जा रहा है कि बीजेपी के प्रभारी विनोद तावड़े भी दिल्ली आज दिल्ली जाने वाले हैं। संभावित नए मंत्रियों की लिस्ट पर यहीं मुहर लगेगी।

 

यह भी पढ़ें-- AAP की शराब नीति से कैसे हुआ नुकसान? CAG रिपोर्ट में खुलासा

किन्हें मिल सकता है मौका?

अब तक कैबिनेट विस्तार को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, माना जा रहा है कि कैबिनेट विस्तार में बीजेपी का कद बढ़ सकता है। बीजेपी से 5 नए चेहरे नीतीश सरकार में शामिल हो सकते हैं।


बताया जा रहा है कि बीजेपी कोटे से नवल किशोर यादव, जीवेश कुमार या अनिल शर्मा में से किसी एक को मौका मिल सकता है। महिला मंत्री के तौर पर कविता देवी को भी नीतीश कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। हालांकि, जेडीयू कोटे को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। इस पर आखिरी फैसला मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लेंगे।

 

दिलीप जायसवाल छोड़ सकते हैं पद?

बीजेपी के दिलीप जायसवाल नीतीश कैबिनेट से बाहर हो सकते हैं। मंत्री होने के साथ-साथ जायसवाल बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। ऐसे में एक व्यक्ति-एक पद के सिद्धांत के चलते जायसवाल मंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। 

 

यह भी पढ़ें-- दिल्ली vs लखनऊ: CM योगी के 'सूअर' वाले बयान पर ऐसा क्यों बोले अखिलेश?

कैसे होगा कैबिनेट विस्तार?

बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सभी जातिगत समीकरण को साधने के लिए कैबिनेट विस्तार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि जिन भी मंत्रियों के पास एक से ज्यादा विभाग हैं, उनसे बाकी विभाग वापस लिए जा सकते हैं। 

कब तक होगा कैबिनेट विस्तार?

माना जा रहा है कि बजट सत्र से पहले-पहले कैबिनेट विस्तार हो सकता है। बिहार में 28 फरवरी से बजट सत्र शुरू होगा। ऐसे में गुरुवार को नीतीश कैबिनेट का विस्तार हो सकता है।

बिहार में है एनडीए की सरकार

बिहार में अभी एनडीए की सरकार है। 243 सीटों वाली बिहार विधानसभा में बीजेपी के 80, जेडीयू के 45 और जीतनराम मांझी की HAM पार्टी के 4 विधायक हैं। वहीं, विपक्ष के पास 107 विधायक हैं। आरजेडी के 77, कांग्रेस के 19 और CPI (ML) के 11 विधायक हैं।