कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अब संसद पहुंचने वाली हैं। प्रियंका गांधी, वायनाड में रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल करने जा रही हैं। उन्हें 622338 से ज्यादा वोट पड़े हैं और वे 410931 से ज्यादा मतों से जीतने जा रही हैं। ये आंकड़े बढ़ भी सकते हैं।  राहुल गांधी और सोनिया गांधी, दोनों का प्रदर्शन, अपने-अपने पहले चुनाव में ऐसा नहीं था। दोनों, पहले चुनाव में 4 लाख के अंतर से किसी को नहीं हरा पाए थे। 

प्रियंका गांधी, सिर्फ वायनाड में ही नहीं, महाराष्ट्र और झारखंड जैसे चुनावी राज्यों में खासा सक्रिय रहीं। झारखंड में इंडिया ब्लॉक सत्ता में आ रही है, वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी (MVA) महाराष्ट्र में संघर्ष कर रही है। प्रियंका गांधी, साल 2019 से ही सक्रिय राजनीति में रही हैं, यूपी में उन्हें यूपी का प्रभारी भी बनाया गया था। अब उन्होंने ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना दिया है।

प्रियंका को किसने दी टक्कर?
प्रियंका गांधी के खिलाफ सत्यान मुकरी चुनाव लड़े थे। वह कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के प्रत्याशी हैं। उन्हें कुल 211407 वोट पड़े। तीसरे नंबर पर नव्या हरिदास हैं, जिन्हें करीब 109936 वोट पड़े। आंकड़ों में बदलाव हो सकता है। 

कैसा था सोनिया का पहला चुनाव?

सोनिया गांधी, सक्रिय राजनीति में जब उतरीं, तब उन्होंने शानदार जीत हासिल की। उन्होंने अपना पहला चुनाव अमेठी से लड़ा था। उन्हें कुल 418960 वोट पड़े थे। यह करीब 67.12 प्रतिशत वोट था। उनके खिलाफ बीजेपी नेता संजय सिंह उतरे थे। उन्हें कुल 118948 वोट पड़े थे। कुल 19.6 फीसदी वोट मिले थी। जीत का अंतर 300,012 के आस पास रहा। प्रियंका गांधी, इस रिकॉर्ड से आगे निकल चुकी हैं।

कैसा था राहुल गांधी का पहला चुनाव?

राहुल गांधी ने अपना पहला चुनाव साल 2004 में लड़ा था। उन्होंने इसी साल अमेठी की कमान संभाली और सोनिया गांधी ने रायबरेली की। राहुल गांधी ने इस चुनाव में कुल 390179 वोट हासिल किए थे। उन्हें कुल वोटों का 66.18 फीसदी वोट मिला था। उनके खिलाफ बहुजन समाज पार्टी ने चंद्र प्रकाश मिश्रा को उतारा था। उन्हें 99326 वोट पड़े थे। वे राहुल गांधी से कुल 290,853 वोटों से हारे थे।