30 नवंबर की रात दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर एक बार फिर हमला हुआ। आगामी दिल्ली विधानसभा चनाव के लिए केजरीवाल ने ग्रेटर कैलाश इलाके में अपनी पदयात्रा निकाली थी। उसी दौरान एक शख्स ने उनपर हमला बोल दिया। इस शख्स ने उनके ऊपर तरल पदार्थ फेंकने की कोशिश की लेकिन सुरक्षा कर्मियों के तुरंत हरकत में आने से व्यक्ति अपने अंजाम को पूरा करने में असफल रहा। सुरक्षाकर्मियों ने उस पकड़ लिया है।
स्याही, अंडे तो कभी थप्पड़..
दरअसल, भारतीय राजनेताओं पर कभी-कभी गुस्साए प्रदर्शनकारी स्याही, अंडे और जूते फेंकतें ही रहते हैं लेकिन बहुत कम ही ऐसा होता है कि किसी एक राजनेता पर इस तरह के इतने हमले हुए हों। इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि सार्वजनिक रैलियों में अरविंद केजरीवाल कई बार प्रदरर्शनकारियों के गुस्से का शिकार हुए हैं।
जब केजरीवाल ने भी पूछा था यह सवाल
स्याही और अंडे तो छोड़िए केजरीवाल सार्वजनिक रैली में थप्पड़ भी खा चुके हैं। इसको लेकर केजरीवाल ने भी एक बार एक्स पर ट्वीट किया था कि 'मैं बस यही सोच रहा हूं-मुझ पर बार-बार हमला क्यों किया जा रहा है? इसके मास्टरमाइंड कौन हैं? वे क्या चाहते हैं? वे क्या हासिल करते हैं?'
जैसे केजरीवाल यह सवाल कर रहे वैसे हम भी हैरान की आखिर उन्हें बार-बार निशाना क्यों बनाया जाता है। यह सिलसिला काफी पुराना है जो 2016 से चला आ रहा है। तो आइये जान लेते है कि अरविंद केजरीवाल अपने पदयात्रा या रैलियों में कब-कब ऐसे हमलों के शिकार हुए हैं?
Image Credit: PTI
स्याही से हमला..
15 जनवरी, 2016 को अरविंद केजरीवाल पर एक महिला ने स्याही फेंक दिया था। दरअसल, AAP सरकार ने उस दौरान ऑड-ईवन वाहन प्रतिबंध कार्यक्रम की सफलता के बाद एक धन्यवाद रैली आयोजित की थी। उस दौरान केजरीवाल सबको धन्यावाद कर रहे थे तभी एक महिला ने उन पर स्याही फेंक दी थी। महिला ने 'सीएनजी घोटाला' के खिलाफ विरोध जताते हुए उन पर स्याही फेंकी थी।
भावना अरोड़ा नामक महिला ने बताया कि गैर-सीएनजी वाहनों को 100,000 से अधिक सीएनजी स्टिकर बेचे गए थे, ताकि उन्हें ऑड-ईवन रोड राशनिंग योजना से छूट मिल सके। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया था। केजरीवाल ने इस हमले के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) की साजिश बताया था।
जब अंडे के शिकार हुए थे केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल के राजनीतिक जीवन के दौरान उन पर कई बार अंडे फेंके गए हैं। जनवरी 2015 में केजरीवाल दिल्ली में एक चुनावी रैली कर रहे थे। उसी दौरान एक व्यक्ति ने उन पर अंडे और पत्थर फेंके थे। हालांकि, वो अंडे केजरीवाल को नहीं लगे थे। इससे पहले दिंसबर, 2015 में भी दिल्ली के एक अन्य निर्वाचन क्षेत्र में भी उन पर इसी तरह का हमला हुआ था।
स्याही और अंडे दोनों से किया गया हमला
अरविंद केजरीवाल ने वाराणसी से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के खिलाफ खड़े होने का फैसला किया था। अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करने के लिए उन्होंने एक बड़ी रैली भी की थी। इसी दौरान उन पर स्याही और अंडे दोनों से हमला किया गया।
सबसे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर उनकी कार पर अंडे फेंके गए फिर मोदी के मुखर समर्थकों ने उनके काफिले को रोक दिया। बाद में जब केजरीवाल रैली वाले मैदान में जाने लगे तो उन पर स्याही फेंकी गई। यह स्याही उनके चेहरे और कपड़ों पर लगी थी।
थप्पड़ से डर नहीं लगता...
दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान केजरीवाल की एक आंख सूज गई थी, जब एक ऑटो चालक उनके पास माला लेकर आया और माला उनके गले में डालते ही उन्हें थप्पड़ जड़ दिया। 38 वर्षीय हमलावर ने उन पर वादे पूरे न करने का आरोप लगाया था। बाद में उन्होंने केजरीवाल से माफी मांगी।
उस समय एक ट्वीट में केजरीवाल ने कहा था 'क्या हिंसा देश की समस्याओं का समाधान है? वो मुझे जगह और समय बता दें। मैं वहां आऊंगा। वो मुझे जितना चाहें पीटें... लेकिन क्या इससे समस्याएं हल हो जाएंगी?'