पंजाब की लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने संजीव अरोड़ा को टिकट दिया है। संजीव अरोड़ा अभी राज्यसभा सांसद हैं। संजीव अरोड़ा 2022 में राज्यसभा सांसद बने थे।


ऐसी अटकलें हैं कि संजीव अरोड़ा अगर उपचुनाव में जीत जाते हैं तो उनकी सीट खाली होने पर अरविंद केजरीवाल को राज्यसभा भेजा जा सकता है। हालांकि, इस बारे में पार्टी की ओर से अभी कुछ कहा नहीं गया है। 

 

क्या राज्यसभा जाएंगे केजरीवाल?

दिल्ली के विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद माना जा रहा था कि केजरीवाल पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट से उपचुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, उनके राज्यसभा जाने की अटकलें भी थीं। अब जब आम आदमी पार्टी ने मौजूदा राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को विधानसभा का टिकट दे दिया है तो उसके बाद अरविंद केजरीवाल के राज्यसभा जाने की चर्चा और तेज हो गई है।

 

यह भी पढ़ें-- AAP की शराब नीति से कैसे हुआ नुकसान? CAG रिपोर्ट में खुलासा

अपनी ही सीट हार गए थे केजरीवाल

दिल्ली में 8 फरवरी को विधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे। पिछले दो चुनाव से 60 से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाने वाली आम आदमी पार्टी इस बार सिर्फ 22 सीटें ही जीत सकी। आम आदमी पार्टी के तमाम बड़े नेता चुनाव हार गए हैं। अरविंद केजरीवाल खुद नई दिल्ली सीट से हार गए। उन्हें बीजेपी के प्रवेश वर्मा ने करीब 4 हजार वोटों के अंतर से हराया है। केजरीवाल नई दिल्ली सीट से तीन बार से चुनाव जीतते आ रहे थे।

लुधियाना वेस्ट में उपचुनाव क्यों?

2022 के विधानसभा चुनाव में लुधियाना वेस्ट सीट से आम आदमी पार्टी के गुरप्रीत गोगी बस्सी की जीत हुई थी। इस साल जनवरी में गोली लगने से गुरप्रीत गोगी की मौत हो गई थी। बताया गया था कि गलती से उन्होंने खुद को गोली मार ली थी। उनके निधन के बाद ये सीट खाली हो गई थी। हालांकि, अभी तक इस सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है।

 

यह भी पढ़ें-- दिल्ली विधानसभा में जबरदस्त हंगामा, आतिशी समेत AAP के 12 MLAs सस्पेंड

कौन हैं संजीव अरोड़ा?

संजीव अरोड़ा पंजाब के जाने-माने कारोबारी हैं। उनका एक्सपोर्ट का कारोबार है। उनकी कंपनी अमेरिका समेत कई देशों में एक्सपोर्ट करती है। संजीव अरोड़ा की कंपनी ने ही चंडीगढ़ रोड पर हैम्पटन बिजनेस पार्क और हैम्पटन होम्स को भी बनाया है। 2022 में राज्यसभा चुनाव के लिए दाखिल हलफनामे में संजीव अरोड़ा ने अपने पास 460 करोड़ रुपये की संपत्ति होने की बात कही थी।