झारखंड की सियासत में घुसपैठ, मुसलमान, नोट के पहाड़ जैसे मुद्दे अब पुराने हो गए हैं। नया मुद्दा हेलीकॉप्टर बन गया है। हेलीकॉप्टर को लकेर आरोप प्रत्यारोप का खेल शुरू हो गया है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि उनकी हेलीकॉप्टर को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने उड़ने की इजाजत ही नहीं दी जिसकी वजह से उन्हें देरी का सामना करना पड़ा। 

वे झारखंड के गोड्डा में इंतजार ही करते रह गए। राहुल गांधी करीब 45 मिनट  तक हेलीकॉप्टर में बैठकर इंतजार करते रहे। उनके इर्दगिर्द समर्थकों की भारी भीड़ भी नजर आई। राहुल गांधी अंतिम चरण के चुनाव के लिए जी-जान से चुनाव प्रचार में जुटे हैं। कांग्रेस का दावा है कि ये कोशिशें सिर्फ इसलिए की जा रही हैं, जिससे वे अंतिम दौर की कैंपेनिंग न कर पाएं। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि यह सब कुछ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कहने पर हुआ है। 

हेलीकॉप्टर पर सियासत की वजह क्या है?
कांग्रेस का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देवघर में रैली होने वाली थी। एटीसी ने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को इजाजत दी। राहुल गांधी को प्राथमिकता ही नहीं दी गई, जबकि वे भी नेता प्रतिपक्ष हैं। कांग्रेस ने चुनाव आयोग को लिखी चिट्ठी में इसके बारे में लिखा भी है। कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी ने यात्रा की इजाजत ली थी, दस्तावेज भी पूरे कर लिए थे फिर भी उनकी फ्लाइट रोकी गई। 

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने X पर लिखा, 'चुनाव प्रचार के लिए समान अवसर होने चाहिए। प्रधानमंत्री का चुनावी अभियान किसी दूसरे की तुलना में खास नहीं हो सकता है। राहुल गांधी को झारखंड में इस वजह से देरी हुई। यह प्रोटोकॉल का दुरुपयोग है।'

कांग्रेस ने लिखा, 'अगर ऐसी ही स्थिति बनी रही तो सत्तारूढ़ शासन और उसके नेता हमेशा ऐसे प्रोटोकॉल का अनुचित लाभ उठाएंगे। राहुल गांधी के बाद के कार्यक्रम इसी वजह से प्रभावित रहे। कुछ को रद्द करना पड़ा। चुनाव आयोग यह तय करे कि यह दोबारा न होने पाए। इस तरह समान अवसर को बाधित न किया जाए।' 


झारखंड में पीएम मोदी का हेलीकॉप्टर खराब
झारखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेलीकॉप्टर एक तकनीकी खामी आ जाने की वजह से काफी देर तक रुका रहा। वे झारखंड के देवघर जिले में चुनाव प्रचार के लिए गए थे। तकनीकी खामी की वजह से तय समय पर दिल्ली नहीं पहुंच सके। प्रधानमंत्री मोदी महान क्रांतिकारी बिरसा मुंडा की जयंती पर जमुई गए थे। जनजातीय गौरव दिवस पर उनकी मूर्ति पर जाकर उन्होंने श्रद्धांजलि दी। उनका बिहार के जमुई में एक कार्यक्रम था। बिरसा मुंडा की आज 150वीं जयंती है। 

कब है दूसरे चरण का चुनाव?
झारखंड विधानसभा चुनाव का दूसरा चरण 20 नवंबर को होगा। राज्य की 81 सीटों में से 43 सीटों के लिए पहले चरण का मतदान 14 नवंबर को हुआ था।  चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।