उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की एक सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी। उन पर पारिवारिक दुख के बीच सियासत करने का आरोप लगाया। यह भी कहा कि अगर कोई विभाग चाहिए तो सुभासपा ज्वाइन कर लीजिए। सीएम योगी आदित्यनाथ से झगड़ा कर लूंगा। मगर एक विभाग का मंत्री बनवा दूंगा। 

 

ओमप्रकाश राजभर ने शनिवार को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, 'अखिलेश जी अभी आपके भाई का देहांत हुआ है और पूरा परिवार परेशानी में है। यही वजह है कि मैं भी अपके दु:ख में शामिल हूं और आपकी समाज को बांटने वाली राजनीति पर कहना-लिखना बंद कर दिया था।'

 

यह भी पढ़ें: ग्राउंड रिपोर्ट: 500 दो 5 मिनट में एंट्री पाओ; दिल्ली स्टेशन पर कूलियों की चांदी

थोड़ा तो लिहाज कर लीजिए: राजभर

राजभर ने आगे लिखा, 'आप इतने सत्ता लोलुप हैं कि परिवार की 'गमी' के बीच भी राजनीति सूझ रही है। दूसरों के घरों में क्या चल रहा है इसकी आपको ज्यादा चिंता है। लगता है आप ने लोकलाज त्याग दिया है। जरा तेरहवीं तक रुक जाइए फिर विचारों की राजनीति कर ली जाएगी, कुछ आप हमें कह लीजिएगा, कुछ हम आपको सुनाएंगे... लेकिन इस व्यवहार को गोलोकगामी भाई देख रहा होगा तो क्या सोच रहा होगा... थोड़ा तो लिहाज कर लीजिए।'

मंत्रिमंडल में शामिल होने का क्यों दिया ऑफर

ओपी राजभर यही नहीं रुके। उन्होंने अखिलेश यादव को खुला सुभासपा ज्वाइन करने और मंत्रिमंडल में शामिल होने का ऑफर तक दे डाला। राजभर ने लिखा, रही बात मंत्रिमंडल विस्तार के बाद विभाग के बंटवारे की तो आपको क्या लगता है कि कोई विभाग आपको भी मिल जाए? अगर इच्छुक हैं तो सुभासपा ज्वाइन कर लीजिए, माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से झगड़ा कर लूंगा, लेकिन आपको एक विभाग का मंत्री बनवा कर रहूंगा।'  

 

यह भी पढ़ें: बोको हरम और ISIS के आतंकियों को दी जाने वाली टैबलेट भारत कैसे पहुंची?

अखिलेश की किस पोस्ट पर राजभर ने दी प्रतिक्रिया?

दरअसल, हाल ही में यूपी में हुए मंत्रिमंडल विस्तार पर अखिलेश यादव ने कटाक्ष किया था। उन्होंने कहा था कि यूपी में मंत्रियों के नाम के बाद अब क्या उनके विभागों की पर्ची भी ऊपर से आएगी? यही बात ओपी राजभर को नागवार गुजरी।

 

अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा था, 'मंत्रालयों के बंटवारे की देरी की असली वजह सिर्फ ये है कि मंत्रालय-विभाग की 'कमीशन-कमाई' के बंटवारे के डबल इंजन आपस में टकरा रहे हैं। दीर्घ प्रतीक्षा के बाद जो नए मंत्री बने हैं वो बेचारे तो बस दर्शक दीर्घा में बैठकर गेंद को इधर-उधर आते-जाते देख रहे हैं। भाजपाई डबल इंजन बाकी सब मंत्रियों को 'डब्बा' कर देता है।'

 

आप यहां अखिलेश यादव की पूरी पोस्ट पढ़ सकते हैं-