भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर पिछले कई महिनों से अपने कड़े फैसलों और टेस्ट क्रिकेट में टीम के प्रदर्शन को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। ऐसे में वर्ल्ड कप 2011 विजेता टीम के उनके साथी रहे पूर्व तेज गेंदबाज मुनाफ पटेल उनके समर्थन में मजबूती से उतरे हैं। मुनाफ का मानना है कि गंभीर जैसा निडर और ईमानदार कोच भारतीय क्रिकेट के मौजूदा बदलाव के दौर के लिए अनिवार्य है। उन्होंने यह भी कहा कि इस काम को करते हुए गंभीर कितने लोगों से दुश्मनी ले रहे हैं।
मुनाफ पटेल ने TOI स्पोर्ट्स के बॉम्बे स्पोर्ट एक्सचेंज पॉडकास्ट के दौरान बेबाकी से कहा कि गंभीर एक खरे इंसान हैं, जो सच को सच कहने का दम रखते हैं। मुनाफ के मुताबिक, यही वह खूबी है जिसकी वजह से क्रिकेट जगत का एक बड़ा तबका उन्हें पसंद नहीं करता। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर गंभीर को पद से हटाया गया तो भारतीय टीम के बड़े सितारों और ड्रेसिंग रूम के अनुशासन को संभालना लगभग नामुमकिन हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: IPL 2026: कौन पास-कौन फेल? देखें 22 मैचों में सभी कप्तानों का रिपोर्ट कार्ड
मुनाफ पटेल ने टीम पर गौतम गंभीर के प्रभाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा, 'गंभीर इकलौते ऐसे कोच हैं जो आज के खिलाड़ियों को कंट्रोल कर पा रहे हैं। उनके अलावा कोई दूसरा कोच इन्हें हैंडल नहीं कर पाएगा। खिलाड़ी उनसे इसलिए डरते हैं क्योंकि गंभीर को पैसों का मोह नहीं है, वह सिर्फ क्रिकेट से प्यार करते हैं। वह कभी पैसों के लिए राजनीति नहीं करते और उनकी यही बेदाग छवि उन्हें दूसरों से अलग बनाती है।'
कोच दोस्त नहीं, लीडर होना चाहिए: मुनाफ पटेल
कोचिंग के आधुनिक तरीकों पर सवाल उठाते हुए मुनाफ पटेल ने कहा कि कोच को खिलाड़ियों का दोस्त बनकर नहीं रहना चाहिए। उनके अनुसार, 'कोच का काम अनुशासन और कंट्रोल बनाए रखना है। अगर कोच दोस्त बन जाएगा, तो पूरा सिस्टम खराब हो जाएगा। खिलाड़ियों के मन में थोड़ा डर होना जरूरी है।' मुनाफ ने यह भी कहा कि गंभीर के पास इतनी हिम्मत है कि अगर कोई बड़ा खिलाड़ी प्रदर्शन नहीं कर रहा, तो वह उसे टीम से बाहर करने का साहस रखते हैं।
यह भी पढ़ें: KKR के ब्लेसिंग मुजारबानी पर 2 साल का बैन क्यों लगा? जानें पूरा मामला
गौतम गंभीर की कार्यशैली की वजह से पैदा हुई दुश्मनी पर बात करते हुए मुनाफ पटेल ने कहा कि कोच इस समय एक बड़ी कीमत चुका रहे हैं। उन्होंने कहा, 'जरा सोचिए, इस काम के चक्कर में गंभीर कितने दुश्मन बना रहे हैं। कमेंट्री पैनल के 10 में से 8 लोग और कई चयनकर्ता उनके खिलाफ हैं लेकिन गंभीर को इसकी परवाह नहीं है।' गौरतलब है कि गंभीर के कार्यकाल में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी और टी20 वर्ल्ड कप जैसे खिताब जीते हैं लेकिन बॉर्डर-गावस्कर सीरीज हारने के बाद उन पर दबाव बढ़ा है।
