भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने 46 रन से जीत दर्ज की और 4-1 से सीरीज पर कब्जा जमाया। भारतीय टीम की जीत में ईशान किशन और अर्शदीप सिंह स्टार रहे। ईशान की 43 गेंद में 103 रन की आतिशी पारी की बदौलत भारत ने 5 विकेट के नुकसान पर 271 रन का स्कोर खड़ा किया था।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 30 गेंद में 63 रन की पारी खेली। हार्दिक पंड्या ने 17 गेंद में 42, जबकि अभिषेक शर्मा ने 16 गेंद में 30 रन का योगदान दिया। इसके बाद जब गेंदबाजी की बारी आई तो अर्शदीप सिंह ने 5 विकेट लेकर न्यूजीलैंड की पारी 225 पर समेट दी। अक्षर पटेल ने प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 3 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। न्यूजीलैंड की ओर से फिन एलन हाईएस्ट स्कोरर रहे। एलन ने 36 गेंद में 80 रन की पारी खेली।
IND बनाम NZ 5th T20, लाइव अपडेट:-
Live Updates
2026-01-31T22:30
भारत ने 46 रन से जीता मुकाबला
टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 225 रन पर समेट दिया है। रिंकू सिंह ने आखिरी विकेट लिया। भारतीय टीम ने पांचवें टी20 मैच को 46 रन से जीत दर्ज कर सीरीज पर 4-1 से कब्जा जमा लिया है।
2026-01-31T22:15
अक्षर की जबरदस्त वापसी
अक्षर पटेल ने इस हाई-स्कोरिंग मैच में बेहतरीन गेंदबाजी की है। उन्होंने 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट लिए। चोट के बाद वापस आए अक्षर का यह प्रदर्शन मनोबल बढ़ाने वाला है। 18 ओवर की समाप्ति पर न्यूजीलैंड का स्कोर 204/9 है।
2026-01-31T22:15
अर्शदीप सिंह ने खोला पंजा
अर्शदीप सिंह ने अपने स्पेल के आखिरी ओवर में 2 विकेट लेकर पंजा खोल लिया है। टी20I में उन्होंने पहली बार 5 विकेट हॉल लिया है।
2026-01-31T21:51
न्यूजीलैंड की आधी टीम सिमटी
फिन एलेन के आउट होने के बाद विकेटों की झड़ी लग गई है। अक्षर पटेल ने 11वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स का विकेट झटका और फिर अगले ओवर में अर्शदीप सिंह ने रचिन रवींद्र और मिचेल सैंटनर को पवेलियन भेज न्यूजीलैंड का स्कोर 137/5 कर दिया है। अब बस औपचारिकताएं शेष हैं।
2026-01-31T21:37
अक्षर पटेल ने थामा फिन एलेन का तूफान
अक्षर पटेल ने फिन एलेन का बड़ा विकेट झटक लिया है। एलेन ने चौके-छक्कों की झड़ी लगाकर न्यूजीलैंड की उम्मीदें जगा दी थीं लेकिन वह एक और बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में लॉन्ग ऑन पर लपक लिए गए। उन्होंने 38 गेंद में 8 चौके और 6 छक्कों की मदद से 80 रन बनाए। 9 ओवर की समाप्ति पर न्यूजीलैंड का स्कोर 117/2 है। रचिन रविंद्र और ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर हैं।
2026-01-31T21:22
फिन एलेन ने 22 गेंद में जड़ा पचासा
कीवी ओपनर फिन एलेन ने 22 गेंद में अर्धशतक पूरा कर लिया है। पावरप्ले के अंदर ही न्यूजीलैंड का स्कोर 70 के पार पहुंच गया है।
2026-01-31T21:04
अर्शदीप ने झटका साइफर्ट का विकेट
अर्शदीप सिंह ने पहले ही ओवर में न्यूजीलैंड को तगड़ा झटका दे दिया है। अर्शदीप ओवर की आखिरी गेंद पर फॉर्म में चल रहे साइफर्ट को हार्दिक पंड्या के हाथों लपकवा दिया।
2026-01-31T20:39
भारत ने बनाए 271 रन
टीम इंडिया ने ईशान के धमाकेदार शतक की मदद से 271/5 का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया है। हार्दिक पंड्या ने 17 गेंद में 42 रन ठोके। न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान मिचेल सैंटनर, जैकब डफी और काइल जेमीसन ने अपने स्पेल में 50 से ज्यादा रन लुटाए।
2026-01-31T20:28
ईशान किशन 103 रन बनाकर आउट
शतक लगाने के बाद ईशान किशन ने अगले ओवर में जैकब डफी की गेंद पर छक्का लगाने का प्रयास किया लेकिन वह डीप स्क्वेयरलेग फील्डर को क्लीयर नहीं कर पाए। रिंकू सिंह बैटिंग करने आए हैं।
2026-01-31T20:23
ईशान किशन ने ठोका शतक
ईशान किशन ने 42 गेंद में शतक जड़ दिया है। ईशान ने 17वें ओवर में सैंटनर की आखिरी दो गेंदों पर दो छक्के जड़कर स्टाइल में अपनी सेंचुरी पूरी की। ईशान के साथ हार्दिक पंड्या भी बहुत खुश लग रहे हैं। उन्होंने ईशान को गले लगाया और मुबारक बाद दी। भारत का स्कोर 226/3 है।
2026-01-31T20:08
सूर्या का तूफान थमा
कप्तान सूर्यकुमार यादव अर्धशतक जड़ने के बाद आउट हो गए हैं। वह मिचेल सैंटनर की गेंद पर आगे निकलकर छक्का लगाने के प्रयास में स्टंप आउट हुए। सूर्या ने 30 गेंद में 4 चौके और 6 छक्के उड़ाते हुए 63 रन बनाए। 36 गेंद में 83 रन बनाकर खेल रहे ईशान किशन का साथ देने हार्दिक पंड्या आए हैं।
2026-01-31T19:54
ईशान किशन ने ठोकी आतिशी फिफ्टी
नंबर-3 पर उतरे ईशान किशन ने 28 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया है। ईशान ने 11वें ओवर की पहली गेंद पर चौका जड़कर अपना पचासा पूरा किया। ईशान ने इसके बाद ओवर में 3 चौके और 2 छक्के और लगाए। 12 ओवर की समाप्ति पर भारत का स्कोर 141/2 है।
2026-01-31T19:45
10 ओवर में भारत का स्कोर 100 के पार
अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने थोड़ा समय लिया था लेकिन अब वे खुलकर खेल रहे हैं। दोनों चौके-छक्कों की झड़ी लगाते हुए 10 ओवर में टीम इंडिया 102 रन तक पहुंचा दिया है। ईशान किशन 23 गेंद में 39 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि सूर्यकुमार यादव 15 गेंद में 27 पर हैं। दोनों के बीच 30 गेंद में 54 रन की साझेदारी हो चुकी है।
2026-01-31T19:24
संजू के बाद अभिषेक भी OUT
लॉकी फर्ग्यूसन ने पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर अभिषेक शर्मा को क्लीन बोल्ड कर दिया है। अभिषेक 16 गेंद में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए। 48/2 के स्कोर पर कप्तान सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी करने उतरे हैं।
2026-01-31T19:14
संजू सैमसन 6 रन बनाकर OUT
रन बनाने के लिए जूझ रहे संजू सैमसन ने एक बार फिर निराश किया है। संजू महज 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। लॉकी फर्ग्यूसन ने उन्हें चलता किया।
2026-01-31T19:05
अभिषेक ने किया तूफानी आगाज
बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने पहले ओवर से ही छक्के-चौकों की शुरुआत कर दी है। अभिषेक ने जैकब डफी की तीसरी गेंद पर छक्का जड़ा और फिर आखिरी दो गेंदों पर चौका लगाकर भारत का स्कोर 14 पहुंचा दिया है।
2026-01-31T18:37
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:
भारत - अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती
न्यूजीलैंड - फिन एलन, टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, बेवोन जैकब्स, मिचेल सैंटनर (कप्तान), काइल जेमीसन, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी
2026-01-31T18:32
पहले बैटिंग करेगी टीम इंडिया
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया है। भारतीय टीम 3 बदलाव के साथ उतरी है। सूर्या ने कहा कि ईशान किशन और अक्षर पटेल की वापसी हुई है। तीसरे खिलाड़ी का नाम वह याद नहीं कर पाए लेकिन उन्होंने यह कहकर दर्शकों की चिंता खत्म की कि संजू सैमसन खेल रहे हैं।
2026-01-31T18:06
तिरुवनंतपुरम में कैसा है भारत का टी20 रिकॉर्ड?
भारतीय टीम ने तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में टीम इंडिया ने 4 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उसने 3 में जीत हासिल की है और 1 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा।
2026-01-31T17:40
तिरुवनंतपुरम में ईशान-रिंकू ने काटा था गदर
तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में पिछला मेंस टी20 इंटरनेशनल मुकाबला नवंबर 2023 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था। इस मैच में ईशान किशन ने 32 गेंद में 52, जबकि रिंकू सिंह ने महज 9 गेंद में नाबाद 31 रन ठोके थे। टीम इंडिया ने 4 विकेट के नुकसान पर 235 रन का स्कोर खड़ा करने के बाद यह मुकाबला 44 रन से जीता था।
2026-01-31T17:20
वरुण चक्रवर्ती की वापसी तय
भारतीय टीम तिरुवनंतपुरम में वरुण चक्रवर्ती को उतार सकती है। मिस्ट्री स्पिनर वरुण को पिछले दो मैचों में आराम दिया गया था। टीम मैनेजमेंट टी20 वर्ल्ड कप से पहले उन्हें गेम टाइम जरूर देना चाहेगी।
