भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में खेला जा रहा है। दूसरे दिन (15 नवंबर) का खेल खत्म होने तक साउथ अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में 7 विकेट के नुकसान पर 93 रन बनाए हैं। उसके पास महज 63 रन की ही बढ़त है। कप्तान टेम्बा बावुमा एक छोर संभालकर खड़े हैं। वह 29 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनके साथ कॉर्बिन बॉश (नाबाद 1) क्रीज पर खड़े हैं।

 

साउथ अफ्रीका की पहली पारी के स्कोर (159) के जवाब में भारतीय टीम की पहली पारी 189 रन पर सिमटी। आज टीम इंडिया 37/1 के स्कोर को आगे बढ़ाने उतरी थी। उसने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए, जिसके चलते वह 30 रन की ही बढ़त ले सकी।

 

कप्तान शुभमन गिल गर्दन में ऐंठन के कारण 4 रन के निजी स्कोर पर रिटायर हर्ट हुए थे। वह दोबारा बैटिंग के लिए नहीं उतर सके। यह भारत के लिए बड़ा झटका था। हालांकि रवींद्र जडेजा (4 विकेट) की अगुवाई में स्पिनरों ने इसकी भरपाई कर दी और भारत को सुखद स्थिति में पहुंचा दिया है। आज के खेल में कुल 15 विकेट गिरे। अगर खराब रोशनी के चलते स्टंप्स की घोषणा समय से पहले नहीं की गई होती तो इस संख्या में बढ़ोतरी भी हो सकती थी। 

भारत बनाम साउथ अफ्रीका, लाइव अपडेट:-

Live Updates

November 15, 16:28

खराब रोशनी के कारण जल्दी खत्म हुआ दूसरे दिन का खेल

ईडन गार्डंस में खराब रोशनी के कारण दूसरे दिन का खेल समय से पहले ही खत्म हो गया है। स्टंप्स से ठीक पहले कुलदीप यादव ने साउथ अफ्रीका को सातवां झटका दिया। उन्होंने मार्को यानसन को केएल राहुल के हाथों लपकवाया। साउथ अफ्रीका का स्कोर 93/7 है। उसके पास 63 रन की बढ़त है। कप्तान टेम्बा बावुमा 29, जबकि कॉर्बिन बॉश 1 रन पर नाबाद हैं।

November 15, 15:55

साउथ अफ्रीका का छठा विकेट गिरा

साउथ अफ्रीका का विकेट गिरने का सिलसिला नहीं थम रहा है। विकेटकीपर बल्लेबाज काइल विरेन 16 रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार बन गए हैं। कप्तान टेम्बा बावुमा एक छोर संभालकर खड़े हैं।

November 15, 15:40

साउथ अफ्रीका की आधी टीम सिमटी

रवींद्र जडेजा ने ट्रिस्टन स्टब्स (5) को क्लीन बोल्ड कर दिया है। साउथ अफ्रीका की आधी टीम 60 के स्कोर पर सिमट गई है।

November 15, 15:10

जडेजा ने बिखेरी साउथ अफ्रीका की पारी

ईडन गार्डंस में रवींद्र जडेजा का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है। जडेजा ने 3 गेंद के अंदर साउथ अफ्रीका को दो झटके दे दिए हैं। उन्होंने वियान मुल्डर (11) और टोनी डीजॉर्जी (2) को अपना शिकार बनाया। साउथ अफ्रीका का स्कोर 40/4 हो गया है। उसके पास महज 10 रन की बढ़त है।

November 15, 14:45

साउथ अफ्रीका का दूसरा विकेट गिरा

रवींद्र जडेजा ने साउथ अफ्रीका के दूसरे ओपनर एडन मारक्रम को अपना शिकार बना लिया है। स्कोर 25/2 हो गया है। क्रीज पर वियान मुल्डर और कप्तान टेम्बा बावुमा की जोड़ी है।

November 15, 14:20

कुलदीप ने साउथ अफ्रीका को दिया पहला झटका

कुलदीप यादव ने रायन रिकलटन के रूप में साउथ अफ्रीका को पहला झटका दे दिया है। इसके साथ ही टी-ब्रेक ले लिया गया है। प्रोटियाज टीम अभी 12 रन पीछे है।

November 15, 13:35

189 पर सिमटी भारत की पारी

अक्षर पटेल (16) के आउट होते ही भारतीय टीम की पारी 189 रन पर सिमट गई है। कप्तान शुभमन गिल बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे। टीम इंडिया को पहली पारी के आधार पर 30 रन की बढ़त मिली है।

November 15, 13:22

मोहम्मद सिराज OUT

187 के स्कोर पर मोहम्मद सिराज के रूप में भारतीय टीम को आठवां झटका लग गया है। अब जसप्रीत बुमराह बैटिंग करने के लिए उतरे हैं। गर्दन में ऐंठन के चलते रिटायर हर्ट हुए कप्तान शुभमन गिल के बैटिंग करने आने की संभावना कम है।

November 15, 13:05

टीम इंडिया के 7 विकेट धड़ाम

भारतीय टीम ने लंच के बाद 3 विकेट गंवा दिए हैं। ध्रुव जुरेल (14), रवींद्र जडेजा (27) और कुलदीप यादव (1) पवेलियन लौट गए हैं। फिलहाल अक्षर पटेल और मोहम्मद सिराज बल्लेबाजी कर रहे हैं।

November 15, 11:35

लंच ब्रेक तक भारत का स्कोर

कोलकाता में लंच का समय हो गया है। भारत का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 138 रन है। रवींद्र जडेजा 11, जबकि ध्रुव जुरेल 5 रन बनाकर नाबाद हैं।

November 15, 11:25

भारत को लगा चौथा झटका

ऋषभ पंत की आक्रामक पारी का अंत हो गया है। कॉर्बिन बॉश की पटकी हुई गेंद उनके ग्लव्स पर लगकर विकेटकीपर के पास आसान कैच के लिए चली गई। पंत ने 24 गेंद में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 27 रन बनाए। अब क्रीज पर ध्रुव जुरेल की एंट्री हुई है।

November 15, 10:59

शुभमन गिल की चोट ने बढ़ाई मुसीबत

वॉशिंगटन सुंदर (29) के आउट होने के बाद क्रीज पर उतरे कप्तान शुभमन गिल रिटायर हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। वह सिर्फ 3 गेंद ही खेल पाए। वह गर्दन में दर्द से कराहते दिखे। उनके बाहर जाने के बाद केएल राहुल (39) भी आउट हो गए हैं। भारत का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 109 रन ही हो गया है। ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं।

November 15, 09:55

भारत का स्कोर 50 के पार

केएल राहुल और वॉशिगंटन सुंदर ने भारत की पारी सहजता से आगे बढ़ाते हुए स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया है। राहुल 20, जबकि सुंदर 12 पर हैं।

November 15, 09:31

राहुल ने पूरे किए 4000 टेस्ट रन

केएल राहुल ने दूसरे दिन के पहले ही ओवर में चौका जड़कर टेस्ट क्रिकेट में अपने 4000 रन पूरे कर लिए हैं।

November 15, 09:25

कुछ ही देर में शुरू होगा खेल

दूसरे दिन का खेल शुरू होने में चंद मिनट शेष रह गए हैं। भारतीय टीम 31/1 के स्कोर से अपनी पारी आगे बढ़ाने उतरी है।