वानखेड़े स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मुंबई इंडियंस (MI) ने एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित कर दी है। MI ने अपने घरेलू मैदान पर SRH को 7वीं बार मात दी है। गुरुवार (17 अप्रैल) को खेले गए आईपीएल 2025 के 33वें मुकाबले में टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए SRH की टीम निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 162 रन ही बना सकी, जिसे MI ने 4 खोकर 11 गेंद शेष रहते आसानी से हासिल कर लिया।

 

हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस की यह लगातार दूसरी जीत रही। MI 7 मैचों में 3 जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर है। दूसरी ओर SRH को इस सीजन की पांचवीं हार मिली। पैट कमिंस की कप्तानी वाली टीम 7 मैचों में 4 पॉइंट्स के साथ टेबल में 9वें नंबर पर बनी हुई है।

 

यह भी पढ़ें: RCB के खिलाफ इतिहास रचेंगे अर्शदीप सिंह, PBKS के लिए करेंगे यह कारनामा 

 

 

यह भी पढ़ें: 29 गेंद, 28 रन... फिर भी ट्रेविस हेड बना गए बड़ा रिकॉर्ड

 

SRH की बल्लेबाजी रही फ्लॉप

 

अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की ओपनिंग जोड़ी ने 45 गेंद में 59 रन की साझेदारी की। इस दौरान दोनों बल्लेबाजों को जीवनदान भी मिले। अभिषेक शर्मा ने 28 गेंद में 40 रन बनाए। ट्रेविस हेड 29 गेंद में 28 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यह टी20 में उनकी सबसे धीमी पारी रही। ईशान किशन (2) स्टंप आउट हुए। हेनरिक क्लासेन (28 गेंद में 37 रन) और अनिकेत वर्मा (8 गेंद में नाबाद 18 रन) ने आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर SRH को 150 के पार पहुंचाया। मगर यह नाकाफी साबित हुआ।

 

मुंबई इंडियंस के लिए विल जैक्स ने 3 ओवर में 14 रन देकर 2 विकेट चटकाए। ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए 1-1 विकेट झटके। हार्दिक को भी एक सफलता मिली।

 

विल जैक्स ने बल्ले से भी दिया योगदान

 

लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा ने MI को धमाकेदार शुरुआत दी। रोहित ने 16 गेंद में 3 छक्कों की मदद से 26 रन बनाए। आईपीएल 2025 में यह उनका सबसे बड़ा स्कोर रहा। रायन रिकलटन ने 23 गेंद में 31 रन की पारी खेली। गेंद से कमाल करने वाले विल जैक्स ने 26 गेंद में 36 रन जड़े, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। सूर्यकुमार यादव (26) और तिलक वर्मा (नाबाद 21 रन) ने भी उपयोगी योगदान दिया। हार्दिक ने 9 गेंद में 21 रन ठोके। MI ने स्कोर बराबर होने के बाद विनिंग रन बनाने के लिए दो विकेट गंवाए और 6 गेंदें ली। अगर ऐसा नहीं होता तो SRH पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले स्थान पर जा सकती थी।