चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) आईपीएल 2025 में लगातार दूसरा मैच हार गई है। रविवार, 30 मार्च को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सीएसके 183 रन के टारगेट नहीं चेज कर पाई। सीएसके को आखिरी ओवर में जीत के लिए 20 रन चाहिए थे। महेंद्र सिंह धोनी और रवींद्र जडेजा के क्रीज पर रहते चेन्नई की उम्मीदें बरकरार थीं, लेकिन संदीप शर्मा ने पहली ही गेंद पर धोनी को आउट कर राजस्थान की जीत पक्की कर दी।

 

जेमी ओवरटन ने चौथी गेंद पर छक्का जड़कर रोमांच ला दिया था मगर वह अंतिम दो गेंदों पर बाउंड्री नहीं बना सके। राजस्थान रॉयल्स ने 6 रन से मुकाबला अपने नाम कर सीजन की पहली जीत दर्ज की। RR को पिछले दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था।

 

यह भी पढ़ें: नेशनल रिकॉर्ड तोड़कर भी गुलवीर सिंह के हाथ से निकला बड़ा मौका

 

 

पावरप्ले में पिछड़ी CSK

 

लक्ष्य की पीछा करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स की शरुआत बेहद धीमी रही। रचिन रवींद्र पहले ओवर की चौथी गेंद पर बिना खाता पवेलियन लौटे। जोफ्रा आर्चर की तूफानी गेंदबाजी के सामने रचिन रवींद्र बेबस नजर नजर आए। आर्चर ने यह ओवर मेडन निकाला। राहुल त्रिपाठी और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ दूसरे ओवर में 4 रन और तीसरे ओवर में 1 रन ही बना पाए। 180 प्लस टारगेट को चेज करते हुए CSK पावरप्ले में 1 विकेट खोकर 42 रन ही बटोर पाई।

 

रियान पराग ने शिवम दुबे का कैच लपक पलटा मैच

 

वनिंदु हसरंगा ने सातवें ओवर में आते ही राहुल त्रिपाठी को डीप मिडविकेट पर लपवाया। राहुल 19 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद इम्पैक्ट प्लयेर के रूप में क्रीज पर उतरे शिवम दुबे ने आते ही छक्का जड़ा। उन्होंने हसरंगा के अगले ओवर की शुरुआत भी चौके और छक्के से की लेकिन अगली ही गेंद पर राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने हैरतअंगेज लपक उनकी पारी खत्म कर दी। RR ने यहां से मैच पर अपनी पकड़ मजबूत की। हसरंगा ने अगले ओवर में विजय शंकर (9) को क्लीन बोल्ड किया।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2025 के बीच आई बड़ी खबर, ऑस्ट्रेलिया से टकराएगी टीम इंडिया

 

हसरंगा ने सीएसके की लगाई लंका

 

ऋतुराज गायकवाड़ एक छोर पर जमे हुए थे। उन्होंने 37 गेंद में इस सीजन की अपनी दूसरी फिफ्टी पूरी की। विजय शंकर की तरह ऋतुराज भी हसरंगा को छक्का जड़ने के बाद अपना विकेट गंवा बैठे। सीएसके के कप्तान ने 44 गेंद में 63 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। गायकवाड़ के आउट होने के बाद धोनी 16वें ओवर में क्रीज पर आए। इस समय सीएसके को 25 गेंद में 54 रन की जरूरत थी। दूसरे छोर पर जडेजा खड़े थे।

 

धोनी और जडेजा अगले दो ओवर में 15 रन ही बटोर पाए। अब चेन्नई को आखिरी 12 गेंद में 39 रन चाहिए थे। धोनी ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर चौका जड़ा और फिर चौथी गेंद पर स्ट्रेट सिक्स लगाया। रवींद्र जडेजा ने भी छक्के के साथ तुषार देशपांडे की ओवर खत्म की। सीएसके ने इस ओवर में 19 रन बटोरे। हालांकि संदीप शर्मा ने आखिरी ओवर में अच्छी गेंदबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स का जीत का खाता खोल दिया। जडेजा 22 गेंद में 32 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं जेमी ओवरटन ने 4 गेंद में नाबाद 11 रन बनाए। RR की ओर से हसरंगा ने 4 ओवर में 35 रन देकर 4 विकेट झटके। आर्चर ने 3 ही ओवर डाले, जिसमें उन्होंने महज 13 रन खर्च किए।

 

 

नीतीश राणा की आतिशी पारी

 

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। यशस्वी जायसवाल (4) को खलील अहमद ने पहले ओवर में पवेलियन भेजा। नंबर 3 पर उतरे नीतीश राणा ने चौके-छक्कों की झड़ी लगाकर RR को पावरप्ले की समाप्ति तक 1 विकेट के नुकसान पर 79 रन के स्कोर तक पहुंचाया। इस बीच उन्होंने 21 गेंद में अपना पचासा पूरा किया। नूर अहमद ने संजू सैमसन (20) को आउट कर CSK को दूसरी सफलता दिलाई।

 

 

राणा ने काउंटर अटैकिंग बल्लेबाजी जारी रखी और 36 गेंद में 10 चौके और 5 छक्के की मदद से 81 रन की पारी खेली। अश्विन को लगातार दो बाउंड्री लगाने के बाद वह वाइड लाइन की गेंद पर स्टंप आउट होकर पवेलियन लौटे। उनका विकेट 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर गिरा। इस समय राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 124 रन था। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजों ने अच्छी वापसी की और RR को 182 रन पर रोक दिया। हालांकि उनकी ये कोशिश बेकार चली गई। नीतीश राणा के बाद रियान पराग RR के दूसरे बेस्ट स्कोरर रहे। उन्होंने 28 गेंद में 37 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। सीएसके की ओर से खलील, नूर और मथीशा पथिराना ने 2-2 विकेट चटकाए।