इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 52वां मुकाबला आज (9 मई) राजस्थान रॉयल्स (RR) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला शाम 7:30 बजे से जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में होना है। RR 10 मैचों में 12 पॉइंट्स के साथ टेबल में चौथे स्थान पर है। GT के पास भी इतने ही पॉइंट्स हैं। वह नेट रेन रेट के आधार पर RR से एक पायदान नीचे है। ये दोनों ही टीमें प्लेऑफ की प्रबल दावेदार हैं और आज उनके बीच टेबल टॉपर बनने की जंग है।
RR अगर जीतती है तो उसके पास टॉप पर मौजूद सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बराबर पॉइंट्स हो जाएंगे। रियान पराग की कप्तानी वाली टीम का नेट रन रेट (0.510) भी ठीक है। उसकी जीत का अंतर उतना बड़ा भी नहीं रहेगा, तब भी वह आसानी से SRH के नेट रन रेट (0.737) को पछाड़ सकती है। GT (-0.147) के लिए यह काम थोड़ा मुश्किल है। वह एकतरफा अंदाज में जीतेगी, तभी उसके पास नंबर-1 बनने का मौका होगा।
यह भी पढ़ें: बोरिंग हो गया है IPL? टॉस के वक्त ही तय हो जा रहा मैच का नतीजा
दोनों टीमों का हालिया प्रदर्शन कैसा है?
RR ने पहले 5 में से 4 मैच जीते थे लेकिन अगले 5 मैचों में वह 2 ही जीत दर्ज कर पाई है। अब तक खतरनाक लग रही उसकी बॉलिंग साधारण दिख रही है। RR के गेंदबाजों ने लगातार तीन मैचों में 220 प्लस रन लुटा दिए हैं, जो टीम के लिए चिंता का विषय है। वहीं GT के गेंदबाज कमाल कर रहे हैं। उन्होंने पिछले तीन मैचों में चेन्नई सुपर किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स जैसी टीमों को 155 के आस-पास रोक अपनी टीम की जीत की नींव रखी है।
यह भी पढ़ें: CSK से भी बुरा खेली दिल्ली कैपिटल्स, अपने नाम किया IPL का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड
RR vs GT पिच रिपोर्ट
जयपुर में इस सीजन हाई-स्कोरिंग मैच हो रहे हैं। यहां लगातार दो मैचों में 225 प्लस टारगेट चेज हुए हैं। RR ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 228 और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 225 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बावजूद वह जीत हासिल करने में नाकाम रही। आज का मुकाबला सवाई मान सिंह स्टेडियम की पिच नंबर-6 पर खेला जाएगा, जिस पर रनों की बारिश होने की संभावना है। यहां टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना फायदेमंद रहेगा।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XII:
राजस्थान रॉयल्स - यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, शुभम दुबे, जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई, नांद्रे बर्गर/दसुन शनाका, ब्रिजेश शर्मा, तुषार देशपांडे
गुजरात टाइटंस - शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, मानव सुथार, अरशद खान, कैगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज
